नर्मदा की सेहत मापने वाली मशीनें खुद बीमार, सेठानी घाट पर डिस्प्ले महीनों से बंद
नर्मदापुरम् के सेठानी घाट पर लगा रियल टाइम वाटर क्वालिटी मॉनिटरिंग सिस्टम महीनों से बंद पड़ा है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने वर्ष 2022 में प्रदेश में 51 स्थानों पर ऐसी मशीनें लगाई थीं। इनका उद्देश्य नदी के पानी की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखना और प्रदूषण बढ़ने पर तत्काल कार्रवाई करना था। बारिश में जलस्तर बढ़ने पर नगर पालिका के कर्मचारी मशीन को पानी से निकालकर सुरक्षित स्थान पर रख देते हैं। इससे नदी की निगरानी प्रभावित होती है। मशीन के आंकड़े दिखाने वाला डिस्प्ले भी महीनों से बंद है, जिससे आम लोगों को जानकारी नहीं मिल रही।
