सिस्टम परिवर्तन अभियान ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर मध्य प्रदेश राज्य वन विकास निगम में सलाहकार नियुक्ति प्रक्रिया तत्काल रोकने की मांग की है। अभियान के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक आजाद सिंह डबास ने निगम के प्रबंध संचालक मनोज कुमार अग्रवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि प्रबंध संचालक ने अपने मित्र अतुल कुमार मिश्रा को लाभ पहुंचाने के लिए नियुक्ति की शर्तें तैयार करवाईं। इस मामले के बाद नियुक्ति प्रक्रिया विवादों में घिर गई है और पूरे प्रकरण पर सवाल उठ रहे हैं। डबास ने पत्र में नियुक्ति प्रक्रिया की पारदर्शिता और पात्रता शर्तों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सलाहकार पद के लिए तय शर्तें किसी व्यापक प्रतिस्पर्धा के बजाय एक खास अधिकारी को ध्यान में रखकर बनाई गई लगती हैं। यदि ऐसा हुआ तो यह सार्वजनिक उपक्रम में नियुक्तियों की निष्पक्षता और समान अवसर के सिद्धांत के विपरीत होगा। अतुल कुमार मिश्रा 30 अक्टूबर 2026 को मुख्य वन संरक्षक स्तर से सेवानिवृत्त हुए हैं। सेवानिवृत्ति के कुछ ही समय बाद निगम ने तकनीकी एवं वैधानिक सलाह के लिए सेवानिवृत्त मुख्य वन संरक्षक स्तर के अधिकारी की सेवाएं लेने का जारी किया। इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 23 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। नियुक्ति की शर्तों में पूर्व में अपर सचिव अथवा सचिव, वन विभाग के पद पर कार्य करने की शर्त भी रखी गई है। इसी शर्त को लेकर सबसे अधिक सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि ऐसी विशिष्ट शर्तें तय करने के पीछे किसी एक संभावित उम्मीदवार को ध्यान में रखने की मंशा हो सकती है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। निगम प्रबंधन का पक्ष भी अभी सामने नहीं आया है। इसलिए आरोपों की वास्तविकता पर अभी अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता।
समाचार
वन विकास निगम सलाहकार नियुक्ति पर घमासान, मित्र को लाभ का आरोप
16 नवंबर 2026 को 10:46 pm बजे
