जल संसाधन मंत्री सिलावट ने दिवंगत सेवकों के 37 आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति आदेश दिए
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने भोपाल स्थित निवास कार्यालय में विभाग के 37 आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति के आदेश दिए। इनमें सहायक वर्ग-3 के 23 तथा भृत्य के 14 पदों पर नियुक्तियां शामिल हैं। मंत्री सिलावट ने नवनियुक्त कर्मचारियों और उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि संकट में परिवारों को संबल देने का संवेदनशील माध्यम है। राज्य सरकार हर उस परिवार के साथ खड़ी है, जिसने अपना प्रियजन खोया है। सरकार का प्रयास है कि कठिन समय में परिवारों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा मिल सके। मंत्री सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार संवेदनशीलता और जनकल्याण की भावना से काम कर रही है। अनुकंपा नियुक्ति से आश्रित परिवार आत्मनिर्भर बनें, यह सरकार की प्रतिबद्धता है। मंत्री सिलावट ने सभी नवनियुक्त कर्मचारियों से निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ दायित्व निभाने का आह्वान किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार उनके साथ है। मंत्री सिलावट ने कहा कि किसी भी परिवार को विपरीत परिस्थितियों में अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा। सरकार जरूरतमंद परिवारों के हित में सहयोग करती रहेगी। वर्ष 2020 से अब तक जल संसाधन विभाग में कुल 391 दिवंगत शासकीय सेवकों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति दी जा चुकी है। यह विभाग की परिवारों के पुनर्वास के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कार्यक्रम में मुख्य अभियंता विनोद देवड़ा और अधीक्षण यंत्री (प्रशासन) आशीष महाजन सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
