राज्य सरकार एमपीपीएससी परीक्षा साल में दो बार कराएगी, प्रदेश में 2027 युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को रायसेन रोड स्थित ओरिएंटल कॉलेज में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ युवा संवाद - 2026' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार पहली बार मध्य प्रदेश में मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की परीक्षा दो बार आयोजित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि युवाओं का सम्मान, उनकी बेहतरी और उन्हें अधिकाधिक रोजगार देने के लिए सरकार सभी आवश्यक कदम उठा रही है। प्रदेश में 2027 को 'युवा वर्ष' के रूप में मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बड़े भाई की भूमिका में युवाओं से संवाद किया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कॉलेज परिसर पहुंचने पर एनसीसी और एनएसएस के विद्यार्थियों ने उन्हें सलामी देकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य दिव्य धाम बनकर तैयार है। भारत दुनिया का सबसे युवा और सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। युवाओं के भरोसे ही भारत का लोकतंत्र सुरक्षित है और रहेगा। अमृतकाल में जब वर्ष 2047 में देश की आजादी के 100 वर्ष पूर्ण होंगे, तो भारत दुनिया का सबसे शक्तिशाली, समृद्ध और हर क्षेत्र में नंबर एक देश बनेगा। उन्होंने कहा कि आज के युवा कल के भारत का भविष्य हैं, और उनकी ऊर्जा, नवाचार और प्रतिबद्धता देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छात्रों से निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया, नागरिकों के मताधिकार, वोटर लिस्ट और चुनाव आयोग की भूमिका पर संवाद किया। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची की जानकारी सही हो और चुनाव की शुद्धता के उद्देश्य से चुनाव आयोग ने एसआईआर सहित आवश्यक कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग सोच-समझकर करें और देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और निष्पक्ष चुनावों के लिए आयोग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खेल के क्षेत्र में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि एशियन गेम्स में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 11 पदक अर्जित किए, जिनमें से 5 स्वर्ण पदक हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को खेल के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ा रही है और इसके लिए आवश्यक संसाधन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कार्यक्रम में राज्यमंत्री कृष्णा गौर विशेष रूप से उपस्थित थीं।
