रीवा जिले के रोझौही में प्रस्तावित टाटा न्यूक्लियर पावर प्लांट के खिलाफ चल रहा जल सत्याग्रह मंगलवार देर रात प्रशासनिक कार्रवाई के बाद समाप्त हो गया। रात करीब 1 बजे प्रशासन की टीम तालाब पर पहुंची और आम आदमी पार्टी के नेता प्रमोद शर्मा सहित आदिवासी प्रदर्शनकारियों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद प्रमोद शर्मा समेत चार लोगों को एंबुलेंस से इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल भेजा गया। मौके पर लालगांव पुलिस भी मौजूद रही। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को मौखिक आश्वासन दिया कि अगले 10 दिनों तक रोझौही में प्रस्तावित परियोजना से जुड़ी कोई गतिविधि नहीं होगी, लेकिन इस संबंध में कोई लिखित आदेश जारी नहीं किया गया है। जल सत्याग्रह के दौरान प्रमोद शर्मा के साथ ग्रामीण संदीप कोल, रावेन्द्र कोल और बबली कोल को भी अस्पताल भेजा गया। इससे पहले मदरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सीएचओ रविकांत साकेत ने प्रमोद शर्मा की स्वास्थ्य जांच की थी। जांच में उनका ब्लड प्रेशर और शुगर बढ़ा हुआ मिला था। सीएचओ ने लगातार अनशन जारी रहने पर उनकी तबीयत और बिगड़ने की आशंका जताई थी, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। रोझौही में प्रस्तावित परमाणु बिजली संयंत्र के विरोध में ग्रामीण लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। जल सत्याग्रह के दौरान विमला कोल की तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद आंदोलनकारियों में नाराजगी बढ़ गई। ग्रामीणों ने प्रशासन पर उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया है। प्रदर्शनकारियों ने विमला कोल की मौत को लेकर कलेक्टर के बयान पर भी सवाल उठाए हैं। आंदोलन के बीच मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सोमवार को रोझौही पहुंचे थे। उन्होंने जल सत्याग्रह कर रहे आदिवासी ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। सिंघार ने विमला कोल के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी। उन्होंने प्रस्तावित परियोजना की जरूरत पर सवाल उठाए और विमला की मौत की जांच की मांग की। आंदोलन कर रहे आदिवासी ग्रामीणों का कहना है कि जल, जंगल और जमीन उनके जीवन तथा आजीविका का आधार हैं। उनका आरोप है कि परमाणु बिजली संयंत्र बनने से खेती, जलस्रोत और पर्यावरण प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने भविष्य में स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को लेकर भी चिंता जताई है।
समाचार
रीवा: आधी रात जल सत्याग्रह समाप्त, 4 लोग अस्पताल भेजे गए
27 अक्टूबर 2026 को 11:51 pm बजे
