मध्य प्रदेश में नए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की नियुक्ति को लेकर असमंजस बरकरार है। मौजूदा डीजीपी कैलाश मकवाणा का कार्यकाल 30 नवंबर को समाप्त हो रहा है, लेकिन अब तक न तो उनके कार्यकाल विस्तार का आदेश जारी हुआ है और न ही नए डीजीपी के नाम पर सरकार ने मुहर लगाई है। महज तीन दिन शेष रहने के कारण पुलिस मुख्यालय से लेकर आईपीएस अधिकारियों के बीच हलचल तेज हो गई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि सरकार मकवाणा को एक्सटेंशन देकर फिलहाल स्थिति यथावत रखेगी या यूपीएससी की प्रक्रिया के तहत भेजे गए तीन अधिकारियों के पैनल में से किसी एक को प्रदेश की कमान सौंपेगी। सरकार के फैसले को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। नए डीजीपी के चयन की प्रक्रिया में यूपीएससी के प्रतिनिधि, मुख्य सचिव और डीजीपी की बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों के नामों पर विचार किया गया था। इसके बाद वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नाम का पैनल सरकार को भेजा गया। पैनल में उपेंद्र जैन का नाम सबसे आगे बताया जा रहा था, जबकि प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव दूसरे क्रम पर बताई जा रही हैं। यदि सरकार उनके नाम पर सहमति जताती है तो मध्य प्रदेश को पहली महिला डीजीपी मिल सकती हैं। वहीं वरुण कपूर भी इस दौड़ में शामिल हैं। डीजी ईओडब्ल्यू उपेंद्र जैन की दावेदारी के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से उनकी रिश्तेदारी को लेकर भी चर्चा है। हालांकि इस रिश्ते का चयन प्रक्रिया पर क्या प्रभाव पड़ेगा, इसे लेकर कोई आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं है। नियुक्ति प्रक्रिया के बीच 28 नवंबर को राज्य सरकार की ओर से डीजीपी मकवाणा का कार्यकाल बढ़ाने के लिए प्रस्ताव भेजे जाने की चर्चा सामने आई। इससे नए डीजीपी की नियुक्ति को लेकर चल रही अटकलों को और बल मिला है। यदि मकवाणा को एक्सटेंशन मिलता है तो फिलहाल नए डीजीपी की नियुक्ति टल सकती है।
समाचार
मध्य प्रदेश में नए डीजीपी पर आखिरी वक्त तक सस्पेंस
27 नवंबर 2026 को 10:57 pm बजे
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया
