सेवाभाव से दें सुविधाएं
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भोपाल स्थित निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शहडोल संभाग के शहडोल, उमरिया और अनूपपुर जिलों में नवपदस्थ बांड डॉक्टर्स से संवाद किया। उन्होंने चिकित्सकों को ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में सेवाभाव, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करते हुए आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया। उपमुख्यमंत्री ने नवपदस्थ चिकित्सकों को स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं, जांच सेवाओं, एंबुलेंस एवं रेफरल व्यवस्था तथा शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं का व्यवस्थित ओरिएंटेशन दिए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने चिकित्सकों से एनीमिया मुक्त भारत, टीबी मुक्त भारत और गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग जैसे अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। उपमुख्यमंत्री ने आशा, एएनएम और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, प्रसवपूर्व जांच और सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने पर जोर दिया। यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनी रहे और आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले। उपमुख्यमंत्री शुक्ल ने निर्देश दिए कि खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) सप्ताह में एक बार और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) माह में एक बार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण करें। इस निरीक्षण के दौरान वे व्यवस्थाओं की समीक्षा करें और पाई गई कमियों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करें। यह कदम स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी और उनमें सुधार के लिए महत्वपूर्ण है।
