सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाएगी। इस अवसर पर जिला मुख्यालय सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के सफल आयोजन एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। जारी आदेशानुसार पुलिस विभाग को जिला मुख्यालय पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के समन्वय से 5 किलोमीटर की एकता दौड़ आयोजित कराने, निर्धारित मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस दौड़ में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग एकता दौड़ के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं, प्रतिभागियों का पंजीयन और व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा। शिक्षा विभाग जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में राष्ट्रीय एकता और सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन एवं योगदान पर आधारित निबंध, भाषण, वाद-विवाद, पोस्टर, स्लोगन एवं लघु वीडियो प्रतियोगिताएं आयोजित कराएगा। साथ ही राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ भी दिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग कार्यक्रम स्थलों पर चिकित्सा दल, एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार एवं आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। नगर निकायों को कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात एवं क्षेत्रीय परिवहन विभाग एकता दौड़ के मार्ग पर यातायात प्रबंधन, आवश्यकतानुसार मार्ग परिवर्तन एवं पार्किंग व्यवस्था करने के लिए कहा गया है। कार्यक्रमों का प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया सहित अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, चिकित्सा एवं यातायात व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही आयोजित कार्यक्रमों के फोटोग्राफ, प्रतिभागियों की संख्या एवं संक्षिप्त प्रतिवेदन तैयार कर कलेक्ट्रेट कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। यह आयोजन भारत के लौह पुरुष एवं देश के प्रथम उप-प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रति सम्मान व्यक्त करने और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। एकता दौड़ का मुख्य उद्देश्य देश की एकता और अखंडता के महत्व को रेखांकित करना है, जिसमें सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
समाचार
राष्ट्रीय एकता दिवस: पटेल जयंती पर जिलेभर में होंगे विविध आयोजन
30 अक्टूबर 2026 को 11:24 pm बजे
