प्रदेश में पहली बार 20000 मेगावाट से अधिक बिजली मांग की निर्बाध आपूर्ति हुई है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि मध्य प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र ने शनिवार को फिर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रदेश ने यह उपलब्धि सफलतापूर्वक हासिल की है। 21 नवंबर को प्रातः 9 बजकर 38 मिनट पर प्रदेश में 20079 मेगावाट की रिकॉर्ड बिजली मांग दर्ज की गई। यह मांग विद्युत कंपनियों के उत्कृष्ट समन्वय से बिना किसी व्यवधान के पूरी की गई। मंत्री तोमर ने कहा कि एक दिन पहले ही प्रदेश ने पिछले सीजन की अधिकतम 19895 मेगावाट मांग को पार करते हुए नया कीर्तिमान बनाया था। प्रदेश की सभी विद्युत उत्पादन, पारेषण और वितरण कंपनियों ने समन्वित प्रयास करते हुए 20079 मेगावाट मांग की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की। एमपी ट्रांसको के स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर के मुख्य अभियंता राजेश गुप्ता ने मांग की स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अधिकतम मांग के समय पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में 4993 मेगावाट मांग दर्ज हुई। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में 6431 मेगावाट तथा पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में 8186 मेगावाट की मांग दर्ज की गई। सेज और रेलवे क्षेत्रों में 469 मेगावाट विद्युत मांग रही। रिकॉर्ड मांग की पूर्ति के लिए ताप विद्युत गृहों से 3452 मेगावाट बिजली प्राप्त की गई। जल विद्युत गृहों से 1054 मेगावाट, नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से 1637 मेगावाट बिजली मिली। एनटीपीसी, बैंकिंग और अन्य स्रोतों से कुल 13936 मेगावाट बिजली भी प्राप्त की गई।
समाचार
प्रदेश ने रचा बिजली आपूर्ति का नया कीर्तिमान
21 नवंबर 2026 को 10:39 pm बजे
