मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि दीपावली का पर्व हर्ष और आनंद से मनाएं, लेकिन किसी भी प्रकार का असामाजिक कार्य न हो। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए खाद की किल्लत होने पर कलेक्टर सीधे तौर पर जिम्मेदार माने जाएंगे, इसलिए पूरा प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड़ पर रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आगाह किया कि किसी भी जिले में किसानों को खाद की आपूर्ति में कोई कठिनाई नहीं आनी चाहिए। कृषि एवं विपणन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सतर्क रहें और किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार खाद का वितरण सुनिश्चित कराएं। इस दौरान कृषि सचिव निशांत वरवडे ने बताया कि प्रदेश में खाद आपूर्ति को लेकर कोई समस्या नहीं है। डॉ. मोहन यादव ने उन 12 जिलों में जहां सामान्य वर्षा हुई है, वहां आनावारी के आंकड़े आने के बाद जल्द सर्वे कराकर पात्रतानुसार किसानों को राहत राशि देने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध और प्रतिबंधित पटाखों का उपयोग न हो, साथ ही मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप के इस्तेमाल पर भी अंकुश लगाया जाए। उन्होंने बड़े बाजारों में फल, फूल, दिया-बाती, झालर जैसी दुकानें लगाने वाले छोटे दुकानदारों को तहबाजारी से छूट देने और उन्हें अनावश्यक परेशान न करने का निर्देश दिया।
समाचार
किसानों को खाद की किल्लत हुई तो कलेक्टर सीधे जिम्मेदार माने जाएंगे
5 नवंबर 2026 को 10:57 pm बजे
