सुखलिया क्षेत्र में एमआर-10 स्थित चंद्रगुप्त चौराहे से लेकर सड़क के दोनों तरफ लगी दुकानों से सड़क संकरी हो गई और शुक्रवार शाम लंबा जाम लग गया। यह जाम बापट चौराहे तक जा पहुंचा। उज्जैन की ओर जाने वाले मार्ग और लवकुश ब्रिज तक वाहन जाम में फंसे रहे। उज्जैन वाले मार्ग पर कुछ चालकों ने रॉन्ग साइड से वाहन घुसाए, जिससे जाम और बढ़ता चला गया। चंद्रगुप्त चौराहे और बापट चौराहे पर पुलिस की व्यवस्था पूरी तरह विफल हो गई। शाम से रात तक सैकड़ों वाहन चालक जाम में फंसे रहे। वाहन निकालने की कोशिश में कई जगह लोग आपस में उलझते नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बापट चौराहे से चंद्रगुप्त चौराहे और वहां से फिर बापट आने वाले मार्ग के दोनों ओर अस्थायी दुकानें लगा ली गई थीं। इसके चलते अति व्यस्त मार्ग पर पर्याप्त जगह नहीं बची। एडिशनल डीसीपी विक्रम रघुवंशी के मुताबिक, सड़क के दोनों तरफ अस्थायी दुकानें लगने से परेशानी पैदा हुई। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस के साथ हीरानगर थाने की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैफिक सुचारु करने के लिए मशक्कत करती रही। चंद्रगुप्त चौराहे पर मेट्रो पिलर के आसपास अस्थायी रोटरी निर्माण का काम भी यातायात में बाधा बना। रोटरी का आकार तय करने के लिए ग्रीन नेट लगाकर अस्थायी व्यवस्था की गई है। इसके कारण चंद्रगुप्त चौराहे से कनकेश्वरी मैदान की ओर जाने वाले लेफ्ट टर्न पर वाहन चालकों को निकलने में परेशानी हुई। एक तरफ त्योहार का ट्रैफिक दबाव और दूसरी तरफ निर्माण कार्य के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती रही।
समाचार
सुखलिया में सड़क किनारे दुकानों से लंबा जाम
21 नवंबर 2026 को 10:39 pm बजे

सुखलिया में सड़क किनारे दुकानों से लंबा जाम
