सीहोर के कोसमी गांव में पीड़ित परिवारों के साथ जमीन पर बैठकर किया भोजन, सुनीं समस्याएं
सीहोर जिले के कोसमी गांव में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान ने आदिवासी परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवारों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया और उनकी समस्याएं सुनीं। कार्तिकेय ने हर संभव मदद का भरोसा भी दिया। उन्होंने कहा, “अधिकारियों को आदिवासी भाइयों से टकराने से पहले मुझसे टकराना होगा। ” यह मामला आदिवासी परिवारों के मकान गिराए जाने से जुड़ा है। मकान हटाए जाने के बाद परिवारों को तिरपाल के नीचे रहना पड़ रहा है। कार्तिकेय चौहान ने आश्वासन दिया कि इन परिवारों के मकान उसी जगह पर फिर से बनाए जाएंगे, जहां से उन्हें हटाया गया था। कार्तिकेय सिंह चौहान ने स्थानीय अधिकारियों के रवैये पर भी नाराजगी जताई।

