केंद्रीय सूचना और प्रसारण, संसदीय कार्य राज्य मंत्री एल मुरुगन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को 5 पेज की चिट्ठी लिखी, जिसमें राज्यसभा की सदस्यता छोड़ने की बात भी कही। मुरुगन ने चिट्ठी में लिखा, 'मुझे जिम्मेदारियों से मुक्त किया जाए। मैं तमिलनाडु में भाजपा को मजबूत करने के लिए अपना समय देना चाहता हूं। ' उन्होंने यह भी लिखा कि आपके नेतृत्व में देश और तमिलनाडु की सेवा करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है। एल मुरुगन गरीब परिवार से आते हैं और उनके माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी करते थे। तमिलनाडु के रहने वाले मुरुगन मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं। उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में मुरुगन अविनाशी (SC) सीट से चुनाव लड़े थे, लेकिन दूसरे नंबर पर रहे। उन्हें 56,200 से ज्यादा वोट मिले। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की पार्टी डीएमके के प्रत्याशी से वह 15373 वोटों से हार गए थे। एल मुरुगन जब पहली बार मंत्री बने थे, तब उनके माता-पिता तमिलनाडु के नमक्कल जिले के कुनूर गांव में दिहाड़ी मजदूरी करते थे। उनके पिता लोगनाथन और मां वरुदम्मल गांव में अपने छोटे से घर में रहते हैं। वह अनुसूचित जाति के अरुंथथियार समुदाय से आते हैं। बेटे के केंद्रीय मंत्री बनने के बाद भी उनके माता-पिता की दिनचर्या में कोई बदलाव नहीं आया था। गांव वाले बताते हैं कि बेटे के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष होने के बाद भी लोगनाथन कोरोना महामारी के टीके के लिए आम लोगों की तरह कतार में लगे थे। मुरुगन की मां वरुदम्मल ने तब कहा था, 'हमने अपने बेटे का भविष्य बनाने के लिए कुछ नहीं किया, लेकिन आज उसने जो जगह कमाई है, वह उसी की मेहनत है। हमें उस पर गर्व है। हम खेतों में काम कर रहे थे। मंत्री बनने की खबर सुनने के बाद भी दोनों ने काम नहीं रोका था।
समाचार
केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन ने दिया इस्तीफा, राज्यसभा की सदस्यता भी छोड़ी
13 अक्टूबर 2026 को 11:47 pm बजे

केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन ने दिया इस्तीफा, राज्यसभा की सदस्यता भी छोड़ी
साझा करेंWhatsApp
