मध्य प्रदेश में वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाने की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के बाद अब इसके कार्यक्रमों का कैलेंडर जारी कर दिया गया है। युवा वर्ष का आगाज स्वामी विवेकानंद जयंती के बाद उज्जैन से होगा, जहां एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उज्जैन में 15 से 17 जनवरी 2027 तक ‘ग्लोबल वेल-बीइंग’ विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन होगा। इस सम्मेलन में मध्य प्रदेश सहित देशभर के 80 विश्वविद्यालयों के लगभग 240 युवा प्रतिनिधि शामिल होंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम के तहत 14 जनवरी को विद्यार्थियों का आगमन और पंजीयन किया जाएगा। सम्मेलन की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य, एक चेतना: वैश्विक कल्याण” तय की गई है। युवा वर्ष के आयोजनों में केवल सांस्कृतिक गतिविधियों तक सीमित न रहते हुए युवाओं के भविष्य और उनकी समस्याओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इस दौरान टेक्नोलॉजी, उच्च शिक्षा, विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याओं और रोजगार के अवसरों जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही विद्यार्थियों के प्लेसमेंट और रोजगार से जुड़े सवालों को भी प्राथमिकता देने की तैयारी है। इस सम्मेलन के लिए प्रत्येक विश्वविद्यालय से तीन विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा, जिससे कुल 240 युवा प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित होगी। इसके लिए राज्य स्तरीय मूल्यांकन और अंतिम चयन की प्रक्रिया 15 दिसंबर तक पूरी कर ली जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की युवा वर्ष घोषणा के बाद मध्य प्रदेश सरकार के इस आयोजन को युवाओं के लिहाज से बड़ी पहल माना जा रहा है।
समाचार
युवा वर्ष का आगाज उज्जैन से होगा
19 नवंबर 2026 को 11:28 pm बजे
