बच्ची के मुंह से खून निकला और गले पर दबाने के निशान मिले, डॉक्टरों ने जताया संदेह
अस्पताल की सुरक्षा पर उठे सवाल
अशोकनगर जिला अस्पताल के प्रसूता वार्ड में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात जन्मे एक नवजात बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। करीब 3 किलो 20 ग्राम वजनी इस बच्ची के मुंह से खून निकल रहा था और उसके गले पर दबाने जैसे निशान मिले हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए डॉक्टरों ने मामला संदिग्ध मानते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है। जानकारी के अनुसार, सकवारा गांव निवासी भावना ने जिला अस्पताल में बेटी को जन्म दिया था। जन्म के बाद नवजात अपनी मां के साथ प्रसूता वार्ड में थी। शनिवार दोपहर भावना बच्ची को अपने पास सुलाकर खुद भी सो गई थी। कुछ देर बाद जब उसकी नींद खुली तो उसने देखा कि बच्ची के मुंह से खून निकल रहा है और वह कोई हरकत नहीं कर रही है। यह देखकर परिजनों में हड़कंप मच गया। बच्ची की दादी राजनबाई और अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी उसे तत्काल एसएनसीयू वार्ड लेकर पहुंचे, जहां ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने नवजात की मां भावना और दादी राजनबाई से पूछताछ की। दोनों ने घटना के संबंध में किसी तरह की जानकारी होने से इनकार किया है। इसके बाद पुलिस ने प्रसूता वार्ड में भर्ती अन्य महिलाओं और उनके परिजनों से भी जानकारी जुटाई। जांच अधिकारी यह भी देख रहे हैं कि घटना के समय वार्ड में कौन- कौन आया या वहां से बाहर गया था।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय वार्ड में कौन-कौन मौजूद था और नवजात तक किसकी पहुंच थी। रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही नवजात की मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी और यदि किसी तरह की आपराधिक भूमिका साबित होती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से भी पूछताछ कर रही है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होने की उम्मीद है। नवजात की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या उसके साथ कोई आपराधिक घटना हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों से ही स्पष्ट होगा।

