भोपाल की अदालत ने आरोपी पर 1 वर्ष की कैद और कुल 5 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में फर्जी एफडी दिखाकर जमानतदार बनकर जमानत लेने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा सुनाई है। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी हेमलता अहिरवार की अदालत ने आरोपी मोहम्मद शाहरूख उर्फ सलीम को दोषी करार दिया है। अदालत ने विभिन्न धाराओं में 1 वर्ष के कारावास और कुल 5 हजार रुपये के अर्थदंड का आदेश दिया है। इस प्रकरण में शासन की ओर से सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी रचना चिडार ने पैरवी की। अभियोजन पक्ष के अनुसार 4 नवंबर 2025 को सहायक उप निरीक्षक जयनारायण भारती ने थाने पहुंचकर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया था। इसमें बताया गया था कि गोपाल पाटिल के इस्तगासे पर प्रकरण पंजीबद्ध कर विचार शुरू किया गया था। गोपाल पाटिल ने अपनी जमानत के लिए वकील महेंद्र विश्वकर्मा के माध्यम से प्रतिभूति पेश की थी। वकील महेंद्र विश्वकर्मा उस दौरान मोहम्मद सलीम नाम के व्यक्ति को जमानत भरवाने के लिए लाए थे। आरोपी ने डीसीपी ऑफिस में बात करके 1,50,000 रुपये की एफडी पर जमानत पेश की थी। एसआई जयनारायण भारती ने इस एफडी की फोटोकॉपी अपने पास रख ली थी। एफडी की सत्यता जांचने के लिए कस्तूरबा अस्पताल भोपाल की एसबीआई शाखा से पत्राचार किया गया। बैंक ने लिखित जवाब में बताया कि एफडी खाता मोहम्मद सलीम के नाम पर नहीं, राहुल कुमार के नाम पर है और वह बंद है। जांच में यह स्पष्ट हो गया कि जमानत के रूप में इस्तेमाल की गई एफडी फर्जी थी। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी को एफडी के फर्जी होने की पूरी जानकारी थी। इसके बावजूद उसने वकील के माध्यम से इसे अदालत में पेश किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना असली नाम मोहम्मद शाहरूख पिता अब्दुल रफीक बताया। उसने यह भी खुलासा किया कि फर्जी एफडी उसके दोस्त रियाज खान ने बनवाकर दी थी। जांच के बाद अदालत के समक्ष अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया। अदालत ने अभियोजन पक्ष के साक्ष्यों, तर्कों और दस्तावेजों से सहमति जताई। अदालत ने आरोपी को भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338 और 340(2) के तहत दंडित किया। आरोपी को 1 वर्ष का कारावास और कुल 5 हजार रुपये का अर्थदंड सुनाया गया। आरोपी को 1000 रुपये और 5000 रुपये के अर्थदंड से भी दंडित किया गया। इस मामले में फर्जी एफडी उपलब्ध कराने वाला दूसरा आरोपी मोहम्मद रियाज खान फरार है। फरार होने के कारण अदालत ने उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया है। अदालत ने उसे सुरक्षित रखने के आदेश भी दिए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई रियाज खान की गिरफ्तारी पर निर्भर है।

