आईआईटी खड़गपुर के छात्रों ने पीएम मोदी से बातचीत के दौरान उन्हें स्मृति चिह्न भी दिए। पीएम मोदी ने शनिवार को आईआईटी खड़गपुर में कहा कि भारत में 50 साल पहले एक कंपनी सेमीकंडक्टर बनाने आई थी, लेकिन उसे लाल झंडा दिखाकर रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि उस समय सवाल उठे थे कि इसकी क्या जरूरत है और हम बनाकर क्या हासिल कर लेंगे। मोदी ने बताया कि उन्होंने इन सवालों की परवाह नहीं की। सत्ता में आने के बाद उन्होंने खुद अफसरों के साथ बैठकर फाइलें तैयार करवाईं। आज चार सालों में कई सेमीकंडक्टर कंपनियां आई हैं और उन्होंने प्रोडक्शन शुरू किया है। मोदी ने आईआईटी खड़गपुर के 75 साल पूरे होने के मौके पर 23 मिनट का भाषण दिया। देश में सेमीकंडक्टर के 12 प्लांट फैसिलिटीज हैं। इनमें से माइक्रोन टेक्नोलॉजी, केन्स सेमीकॉन, सीजी सेमी, कॉन्टिनेंटल डिवाइस इंडिया और सुचि सेमीकॉन में प्रोडक्शन शुरू हो चुका है। पीएम ने कहा कि बंगाल की धरती से ही राष्ट्रीय आंदोलन खड़े हुए। यह संस्थान उसी जगह बना है, जहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों का डिटेंशन कैंप हुआ करता था। पीएम ने कहा कि 75 सालों में भारत ने बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन तक और डाकपत्रों से सोशल मीडिया तक बहुत कुछ बदलते देखा है। उन्होंने सभी छात्रों, स्टाफ और एल्यूमिनाई को बधाई दी। मोदी ने कहा कि आज हमारा सामर्थ्य इससे तय होता है कि हम कितनी चुनौतियों को चुनौती देने का साहस करते हैं। उन्होंने कहा कि पहले स्पेस में केवल इसरो का एक प्लेटफॉर्म था और वहां एंट्री प्रतिबंधित थी। सरकार ने इसे नौजवानों के लिए खोला। मोदी ने बताया कि आईआईटी खड़गपुर के एक छात्र ने स्काईरूट शुरू करके पहला प्राइवेट सैटेलाइट लॉन्च किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कई स्पेस स्टार्टअप आगे बढ़ रहे हैं, जो कभी असंभव माने जाते थे। पीएम ने कहा कि नेशन फर्स्ट ही मूल मंत्र होना चाहिए।
समाचार
पीएम मोदी ने सेमीकंडक्टर विरोध याद किया
21 नवंबर 2026 को 10:39 pm बजे
