कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कार्यालयों में अनुशासन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न शासकीय कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण में आयुष विभाग और महिला बाल विकास कार्यालय के 09-09 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इन सभी का तीन-तीन दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान जिला आयुष अधिकारी कार्यालय और जिला आयुष अस्पताल में 09 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि जिला आयुष अधिकारी द्वारा अधीनस्थ कर्मचारियों की मॉनिटरिंग और सुपरविजन में लापरवाही बरती गई है। बार-बार निर्देश देने के बावजूद कार्यालय में कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित नहीं की गई। इसी लापरवाही के चलते जिला आयुष अधिकारी का पूरे माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण में जिला आयुष अस्पताल के ओपीडी रजिस्टर में अस्पताल खुलने से पहले मरीजों की ओपीडी दर्ज होना पाया गया। इस संबंध में रजिस्टर की फोटोकॉपी भी कराई गई। कलेक्टर ने इसे अत्यंत गंभीर एवं आपत्तिजनक मामला बताया और अस्पताल प्रभारी आरएमओ डॉ. बृजेश कुलपारिया का भी पूरे माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए। महिला बाल विकास कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया, जहां 09 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इन सभी का भी तीन-तीन दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। कमला नेहरू महिला महाविद्यालय के निरीक्षण में सुबह 10:30 बजे दो कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। प्राध्यापकों का निर्धारित समय सुबह 11 बजे बताया गया है। इसके अतिरिक्त तीन प्राध्यापक और तीन अतिथि विद्वान मौके पर अनुपस्थित पाए गए, जबकि सार्थक ऐप पर उनकी उपस्थिति दर्ज थी। इस स्थिति को संदेहास्पद मानते हुए संबंधितों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। उनके जवाब प्राप्त होने के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्री यादव ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचने की अपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि आमजन के कार्यों का संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ समय-सीमा में निराकरण किया जाना चाहिए। शासन द्वारा अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी आवश्यक सुविधाएं और वेतन उपलब्ध कराया जाता है। प्रशासन का उद्देश्य है कि आमजन को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
समाचार
कार्यालयों में लापरवाही पर कलेक्टर यादव सख्त, अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन रोका गया
19 नवंबर 2026 को 11:28 pm बजे
कार्यालयों में लापरवाही पर कलेक्टर यादव सख्त, अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन रोका गया
साझा करेंWhatsApp
