भोपाल के शाहपुरा में बाल अधिकार संरक्षण आयोग की एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला
भोपाल के शाहपुरा स्थित नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी के ऑडिटोरियम हॉल में बाल विवाह की समाप्ति तथा बाल यौन शोषण एवं शोषण सामग्री (CSEAM) की रोकथाम पर एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित हुई। यह कार्यशाला मध्य प्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग और इंडिया चाइल्ड प्रोटेक्शन (ICP) के संयुक्त तत्वावधान में हुई। इसकी अध्यक्षता मध्य प्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. निवेदिता शर्मा ने की। इसमें पुलिस, प्रशासन और सामाजिक संगठनों ने बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए समन्वित प्रयासों पर विचार-विमर्श किया। डॉ. निवेदिता शर्मा ने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं है। उनके अनुसार कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन और समाज में जागरूकता भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने सभी विभागों, प्रशासनिक अधिकारियों और सामाजिक संस्थाओं से समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की बात कही। कार्यशाला में उप पुलिस महानिरीक्षक (सामुदायिक पुलिसिंग एवं स्टेट साइबर मुख्यालय) विनीत कपूर ने नातरा प्रथा पर जानकारी साझा की। नातरा प्रथा को नाता प्रथा अथवा झगड़ा-नातरा भी कहा जाता है। उन्होंने इस प्रथा के सामाजिक पहलुओं और बच्चों एवं महिलाओं के अधिकारों पर पड़ने वाले प्रभाव को समझाया।
