उज्जैन के बाजार एक सप्ताह बाद खुले, पर ग्राहकों की कमी से सन्नाटा
उज्जैन में 28 सितंबर को सड़क चौड़ीकरण के दौरान शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई में बवाल के बाद बंद किए गए बाजार एक सप्ताह बाद धीरे-धीरे खोले गए हैं। सोमवार को बाज़ार में दुकानें तो खुलीं, लेकिन पहले जैसी रौनक नजर नहीं आई। व्यापारियों के अनुसार, करीब एक सप्ताह कारोबार बंद रहने से करोड़ों रुपए का व्यापार प्रभावित हुआ है। शाही मस्जिद के आसपास सुरक्षा बैरिकेडिंग अभी भी बरकरार है और पुलिस बल तैनात है। प्रशासन ने अधिकांश इलाकों से बैरिकेडिंग हटा दी है, जिससे पैदल आवाजाही शुरू हो गई है। हालांकि, कुछ मार्गों पर अभी भी वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हुई है और केवल पैदल चलने की अनुमति है। दुकानदारों का कहना है कि बैरिकेडिंग और सीमित आवाजाही के कारण ग्राहक अभी बाजार तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इस बवाल के बाद छत्री चौक, गोपाल मंदिर और आसपास के बाजार 5 अक्टूबर को एक सप्ताह बाद धीरे-धीरे खोले गए।

