उज्जैन में सिंहस्थ को देखते हुए प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण का काम तेज हो गया है। इसी कड़ी में बुधवार को नानाखेड़ा से उन्हेल मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। उन्हेल मार्ग स्थित टोल नाके के पास सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रही टीन शेड की करीब दो दर्जन दुकानें हटाई गईं। कार्रवाई के लिए एसडीएम, तहसीलदार सहित तीन थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कार्रवाई के दौरान जमीन मालिक और दुकानदारों ने प्रशासनिक टीम से दुकानें खाली करने के लिए समय मांगा। जमीन मालिक वीरेंद्र सिंह ने प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। वीरेंद्र सिंह ने कहा कि बुधवार सुबह प्रशासनिक अमला अचानक मौके पर पहुंचा। पहले जमीन पर निशान लगाए गए और फिर तोड़फोड़ शुरू कर दी गई। उन्हें दुकानें खाली करने का पर्याप्त समय नहीं दिया गया। अचानक कार्रवाई होने से सामान हटाने का अवसर भी नहीं मिला। एसडीएम पवन बारिया ने बताया कि नानाखेड़ा से उन्हेल मार्ग तक सड़क का चौड़ीकरण एमपीआरडीसी द्वारा किया जाना है। इस मार्ग को 45 मीटर चौड़ा किया जाएगा। सिंहस्थ के दौरान यातायात का दबाव बढ़ेगा। ऐसे में यह सड़क यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिहाज से महत्वपूर्ण है। एसडीएम ने बताया कि सिंहस्थ में अब कम समय बचा है। इसलिए निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के लिए पहले मार्ग को बाधामुक्त किया जा रहा है। इसी के तहत सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रही दुकानों को हटाने की कार्रवाई की गई है। प्रशासन का कहना है कि इससे निर्माण कार्य में देरी नहीं होगी। सड़क चौड़ीकरण का काम पूरा होने पर सिंहस्थ के दौरान आवाजाही आसान होने की उम्मीद है।
समाचार
सिंहस्थ से पहले अतिक्रमण पर चली बुलडोजर
18 नवंबर 2026 को 11:21 pm बजे

सिंहस्थ से पहले अतिक्रमण पर चली बुलडोजर
