मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर राकेश राय ने बताया कि नवजात शिशु का जीवन के शुरुआती दिन उसके स्वस्थ भविष्य की नींव होते हैं। सर्दियों के मौसम में नवजात और छोटे बच्चों को निमोनिया, सर्दी-जुकाम तथा अन्य संक्रमणों से बचाना बेहद जरूरी है। राष्ट्रीय नवजात शिशु देखभाल सप्ताह 15 से 21 नवंबर के बीच मनाया जा रहा है। इसी सप्ताह में जिले में स्वास्थ्य विभाग माताओं, परिजनों और समुदाय को नवजात शिशुओं की देखभाल, पोषण और बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग संस्था और समुदाय स्तर पर अभिभावकों को बता रहा है कि निमोनिया बच्चों में होने वाला गंभीर संक्रमण है। इसके बचाव के लिए सतर्कता और समय पर उपचार जरूरी है। बच्चों को ठंड और ठंडी हवा से बचाएं, मौसम के अनुरूप गर्म कपड़े पहनाएं और सिर, हाथ तथा पैर ढककर रखें। बच्चे को धुएं, धूल और प्रदूषण से दूर रखें और छह माह तक केवल मां का दूध पिलाएं। तेज या बार-बार सांस चलना, छाती का अंदर धंसना, दूध पीने में परेशानी या असामान्य सुस्ती दिखने पर तत्काल स्वास्थ्य संस्था में जांच कराएं। माताओं को नियमित टीकाकरण का महत्व समझाया जा रहा है और बताया जा रहा है कि सभी निर्धारित टीके समय पर लगवाना आवश्यक है। न्यूमोकोकल कंजुगेट वैक्सीन बच्चों को न्यूमोकोकल बैक्टीरिया से होने वाले निमोनिया और मेनिन्जाइटिस जैसे गंभीर संक्रमणों से सुरक्षा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। शिशु को जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू कराने और छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। छह माह की आयु पूर्ण होने पर मां के दूध के साथ ऊपरी पूरक आहार शुरू करें और बच्चे को ताजा, पौष्टिक भोजन दें। कम वजन और समय से पहले जन्मे शिशुओं की माताओं को कंगारू मदर केयर के बारे में जानकारी दी जा रही है। कंगारू मदर केयर में शिशु को मां या देखभालकर्ता की छाती से त्वचा के सीधे संपर्क में रखकर गर्माहट दी जाती है। इससे शिशु का शरीर का तापमान बनाए रखने, स्तनपान बढ़ाने और स्वस्थ विकास में मदद मिलती है। माताओं और परिजनों को शिशु को छूने से पहले हाथ धोने और बच्चे के कपड़े व बिस्तर साफ रखने की समझाइश दी जा रही है। नवजात शिशु को अनावश्यक भीड़ और बीमार व्यक्तियों के संपर्क से बचाने की सलाह दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग आशा और एएनएम के माध्यम से घर-घर संपर्क कर माताओं को देखभाल, पोषण, टीकाकरण और शुरुआती लक्षणों की जानकारी दे रहा है।
समाचार
नवजात शिशुओं को निमोनिया और ठंड से बचाएं, समय पर टीकाकरण जरूरी
19 नवंबर 2026 को 11:28 pm बजे
नवजात शिशुओं को निमोनिया और ठंड से बचाएं, समय पर टीकाकरण जरूरी
