मंडला ज़िले के बांसा सर्कल की बासनी बीट में मंगलवार रात बलुआ मिट्टी का अवैध परिवहन रोकने पहुंचे बीट गार्ड को ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रैक्टर का पिछला पहिया उनके पैर के ऊपर से निकल गया। इस घटना में 35 वर्षीय बीट गार्ड हर्ष राजपूत घायल हो गए। वन विभाग के कर्मचारियों ने घायल हर्ष राजपूत को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हर्ष राजपूत ने बताया कि मंगलवार रात वे रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर का फोन आया कि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में वन भूमि से बलुआ मिट्टी ले जाई जा रही है। सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। मिट्टी लेकर जा रहे ट्रैक्टर को रोकने के लिए वे उसके सामने खड़े हुए। तभी चालक ने उन्हें टक्कर मार दी और वे नीचे गिर गए। घटना के दौरान अन्य सुरक्षा कर्मी बीट गार्ड को बचाने पहुंचे, लेकिन चालक मौके से भाग निकला। सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल को जिला अस्पताल ले गए। डीएफओ ईश्वर जरांडे भी अस्पताल पहुंचे और घायल का हाल जाना। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर चालक दीपक अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम के तहत वन अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई है। पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने के बाद आरोपी को पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा। जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर विवेक राय ने बताया कि बीट गार्ड के पैर में दो-तीन जगह चोट आई है। फिलहाल उनका उपचार किया जा रहा है।
समाचार
मंडला में अवैध मिट्टी परिवहन रोकने गए वनकर्मी पर ट्रैक्टर चढ़ाया, आरोपी गिरफ्तार, वन अपराध दर्ज
18 नवंबर 2026 को 11:21 pm बजे
मंडला में अवैध मिट्टी परिवहन रोकने गए वनकर्मी पर ट्रैक्टर चढ़ाया, आरोपी गिरफ्तार, वन अपराध दर्ज
साझा करेंWhatsApp
