मंडी बामोरा थाना क्षेत्र के मुंगावली गांव में रास्ते के विवाद को लेकर शुक्रवार शाम एक परिवार के पांच लोगों पर हमला कर दिया गया। खेत में कृषि कार्य कर रहे लोगों पर दूसरे पक्ष के लोगों ने तलवार, फरसे और डंडों से वार किए। हमले में सभी पांच लोग घायल हो गए। गंभीर हालत में एक घायल को भोपाल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, रामचंद्र कुशवाहा, रविंद्र कुशवाहा, युवराज कुशवाहा और गोलू कुशवाहा खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान रास्ते के विवाद को लेकर सुरेश माली और उसका बेटा वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने तलवार, फरसे और डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में कई लोग घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन घायलों को लेकर जिला अस्पताल सीहोर पहुंचे। तलवार के वार से गंभीर रूप से घायल रामचंद्र कुशवाहा को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर कर दिया गया। रविंद्र, युवराज और गोलू का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे। घायल पांच लोगों में विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के जिला प्रभारी जगदीश कुशवाहा के जीजा और भांजे भी शामिल बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में परिजन और कार्यकर्ता जिला अस्पताल पहुंचे। मंडी बामोरा थाना पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
समाचार
परिवार के पांच लोग घायल
21 नवंबर 2026 को 10:39 pm बजे
