मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गांधीसागर में पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की एक इकाई का बटन दबाकर शुभारंभ किया। नौ में से एक इकाई का परिचालन शुरू होने से पीक ऑवर्स में दो हज़ार मेगावाट बिजली मिल सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली उत्पादन के क्षेत्र में पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज एक नई तकनीक है। यह परियोजना एशिया महाद्वीप की प्रथम और अभिनव परियोजना बताई गई है। परियोजना बिजली उत्पादन क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन लाने वाली मानी जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कैबिनेट बैठक के बाद मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ ग्रीनको पावर प्लांट का अवलोकन किया। परियोजना की कुल लागत ग्यारह हजार चार सौ चौहत्तर करोड़ रुपए बताई गई है। इसमें पांच सौ करोड़ रुपए का निवेश अलग से किया जा रहा है। परियोजना में लगभग चार हजार लोगों को रोजगार मिला है। इसके संचालन और रखरखाव से स्थायी रोजगार मिलने की बात कही गई है। गांधीसागर में ग्रीनको ग्रुप की 1920 मेगावाट भंडारण क्षमता वाली परियोजना स्थापित की जा रही है। पूर्ण क्षमता पर यह लगातार छह घंटे तक बिजली उत्पादन कर सकेगी। परियोजना का निर्माण लगभग 414 हेक्टेयर भूमि पर किया जा रहा है। यह देश ही नहीं, पूरे एशिया में निर्माणाधीन सबसे बड़ी स्वतंत्र पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना है। परियोजना में दो जलाशय शामिल हैं। निचला जलाशय मौजूदा गांधीसागर जलाशय है, जिसकी कुल क्षमता लगभग 7643.70 एमसीएम है। परियोजना में गांधीसागर जलाशय से केवल 2.4 टीएमसी यानी 67.66 एमसीएम पानी का पुनः उपयोग किया जाएगा। इसमें पानी की खपत नहीं होगी, बल्कि उसे चक्रिय रूप में बार-बार इस्तेमाल किया जाएगा। पंपिंग मोड़ में दिन या रात के समय ग्रिड से मिलने वाली अतिरिक्त ऊर्जा से पानी निचले जलाशय से ऊपरी जलाशय में पंप किया जाएगा। टरबाइन मोड़ में पीक ऑवर्स के समय ऊपरी जलाशय से पानी छोड़ा जाएगा। इससे मोटर्स विपरीत दिशा में घूमकर टरबाइन के रूप में बिजली पैदा करेंगी। परियोजना का रेटेड हेड लगभग 122 मीटर है। परियोजना की राउंड ट्रिप एफीशिएंसी लगभग 80 प्रतिशत रहने का अनुमान है। परियोजना में कुल 9 टर्बाइन लगाए जा रहे हैं। इनसे कुल वार्षिक ऊर्जा उत्पादन क्षमता 3,580 मिलियन यूनिट होगी। बिजली की निकासी के लिए परियोजना 60 किमी दूर मंदसौर जिले में स्थित 765/400क्व पीजीसीआईएल/सीटीयू सब स्टेशन से जुड़ी है। जून 2027 से पूरी परियोजना का कमर्शियल ऑपरेशंस पूर्ण रूप से शुरू होगा। परियोजना के संचालन और रखरखाव शुरू होने पर स्थायी रोजगार मिलेगा। इससे क्षेत्र और पूरे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को लाभ मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के समक्ष ग्रीनको कॉन्फ्रेंस हॉल में पावर प्लांट पर प्रस्तुतीकरण दिया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रोजेक्ट व्यू पॉइंट, टरबाइन और पावर हाउस का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने प्रोजेक्ट के तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
समाचार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गांधीसागर की पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की इकाई का शुभारंभ किया
18 नवंबर 2026 को 11:21 pm बजे
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गांधीसागर की पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की इकाई का शुभारंभ किया
साझा करेंWhatsApp
