फूलियाकलां पंचायत समिति की रूपपुरा ग्राम पंचायत में नवनिर्वाचित सरपंच घीसालाल भील के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान विवाद हो गया। सुबह करीब 10 बजे समर्थकों के साथ पंचायत कार्यालय पहुंचे सरपंच भील की विपक्षी पक्ष के लोगों से कहासुनी हो गई, जो जल्द ही गाली-गलौज और धक्का-मुक्की में बदल गई। आरोप है कि विपक्षी पक्ष के लोग पत्थर और लाठियां लेकर पहुंचे थे और उन्होंने सरपंच को जातिसूचक गालियां देते हुए धक्के देकर कार्यालय से बाहर निकाल दिया। विवाद के दौरान विपक्षी पक्ष के नारायण गुर्जर ने सरपंच समर्थक किशनलाल कुमावत के सिर पर लकड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में किशनलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें शाहपुरा सैटेलाइट अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया। सरपंच घीसालाल भील ने घटना की रिपोर्ट फूलियाकलां थाने में दर्ज कराई है।
समाचार
रूपपुरा में सरपंच पदग्रहण पर विवाद, एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज
5 नवंबर 2026 को 10:57 pm बजे
