धर्मेंद्र, ओमदीप और उनके साथियों पर युवकों को धमकाने और जानबूझकर कार से टक्कर मारने का आरोप है, जिससे कपिल राठौर की मौत हो गई
सीहोर के पचामा में ढाबे पर हुए विवाद के बाद दोस्तों पर कार से टक्कर मारने का आरोप लगा है। इस घटना में कपिल राठौर नामक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी मितेश राठौर घायल हो गया। मितेश ने पुलिस को बताया कि यह कोई सामान्य सड़क हादसा नहीं, बल्कि जानबूझकर पीछा कर कार से उनकी बाइक को टक्कर मारी गई थी। मितेश के अनुसार, रविवार देर रात ढाबे पर धर्मेंद्र, ओमदीप और उनके साथियों ने पहले साउंड बंद कराने को लेकर युवकों से विवाद किया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने युवकों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। कपिल ने अपने चाचा को फोन कर पूरी घटना बताई थी, जिसके बाद चाचा ने 15 से 20 मिनट में मौके पर पहुंचने की बात कही थी। कुछ देर शांत रहने के बाद कपिल और मितेश घर के लिए बाइक से निकल पड़े। मितेश का आरोप है कि पचामा में बैंक ऑफ इंडिया के पास करीब 200 से 300 मीटर आगे एक कार ने उनकी बाइक के आगे गाड़ी लगा दी।

