नर्मदा और सरस्वती टनल मशीनों से खुदाई जारी, स्टेशन निर्माण में तेजी
उज्जैन में मेट्रो रिंग रूट का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। एलिवेटेड रूट पर मेट्रो संचालन के बाद अब कॉर्पोरेशन सिंहस्थ से पहले एयरपोर्ट से खजराना स्टेशन तक मेट्रो चलाने की तैयारी कर रहा है। एयरपोर्ट से रेलवे स्टेशन के बीच अंडरग्राउंड टनल की खुदाई के लिए नर्मदा और सरस्वती टनल बोरिंग मशीनों (टीबीएम) ने काम शुरू कर दिया है। दोनों टनल का काम शुरू होने से अंडरग्राउंड एयरपोर्ट स्टेशन के निर्माण में भी तेजी आएगी। दूसरी ओर, खजराना तक एलिवेटेड ट्रैक तैयार होने के बाद अब स्टेशन बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। गांधी नगर से एयरपोर्ट के बीच 31 किमी का मेट्रो रिंग रूट बनाया जा रहा है। वर्तमान में सुपर कॉरिडोर गांधी नगर से रेडिसन चौराहे तक एलिवेटेड ट्रैक पूरा हो चुका है। इसके आगे खजराना तक भी ट्रैक लगभग तैयार है। इस हिस्से में रोबोट चौराहा और खजराना स्टेशन का निर्माण चल रहा है। मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, सिंहस्थ शुरू होने में करीब 15 से 16 महीने का समय शेष है। इससे पहले दोनों स्टेशनों और ट्रैक का काम पूरा कर रेडिसन से खजराना तक मेट्रो का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। कॉर्पोरेशन का लक्ष्य है कि सिंहस्थ से पहले एयरपोर्ट और खजराना दोनों स्टेशन तैयार हो जाएं। इससे मेट्रो एयरपोर्ट से सुपर कॉरिडोर, एमआर-10, विजय नगर होते हुए सीधे खजराना तक चल सकेगी।
इसका सीधा लाभ सिंहस्थ में श्रद्धालुओं को मिलेगा, जो रिंग रोड और खजराना गणेश मंदिर तक आसानी से आवाजाही कर सकेंगे। दो महीने पहले नर्मदा टनल बोरिंग मशीन ने एयरपोर्ट स्टेशन से बीएसएफ की ओर टनल खुदाई व निर्माण शुरू किया था। अब तक 600 फीट टनल बना चुके हैं। एक सप्ताह पहले दूसरी मशीन सरस्वती ने भी टनल के दूसरे हिस्से का निर्माण शुरू कर दिया है। अब कॉर्पोरेशन एयरपोर्ट अंडरग्राउंड स्टेशन के निर्माण को गति देगा। इसके लिए जमीनी खुदाई पूरी हो चुकी है और जल्द ही ऊपरी हिस्सा बनना शुरू होगा। यहां करीब 80 फीट गहरा, 200 मीटर लंबा और 30 मीटर चौड़ा गड्ढा तैयार किया गया है। इसी गड्ढे में दो मंजिला अंडरग्राउंड स्टेशन आकार लेगा। स्टेशन का ढांचा पूरा होने के बाद ही एयरपोर्ट से खजराना तक मेट्रो सेवा का पूरा नेटवर्क जुड़ सकेगा। अधिकारियों के अनुसार, निर्माण की रफ्तार बनाए रखना सिंहस्थ से पहले लक्ष्य पूरा करने के लिए अहम है। मेट्रो रिंग रूट शहर के प्रमुख मार्गों को आपस में जोड़ने की योजना का हिस्सा है।
