19 नवंबर से भोपाल में छह टीमों की महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी शुरू होगी
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल अंतर्राष्ट्रीय महिला हॉकी के रोमांचक मुकाबलों की मेजबानी के लिए तैयार है। गुरुवार, 19 नवंबर से नाथू बरखेड़ा स्थित अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आगाज होने जा रहा है। प्रतियोगिता के पहले दिन मेजबान भारतीय महिला हॉकी टीम अपने अभियान की शुरुआत मलेशिया के विरुद्ध करेगी। भारत और मलेशिया के बीच मुकाबला शाम 4:35 बजे खेला जाएगा। प्रतियोगिता में भारत सहित चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की छह टीमें हिस्सा लेंगी। मध्य प्रदेश के खेल इतिहास में पहली बार इस स्तर की अंतर्राष्ट्रीय महिला हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि भोपाल में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। इससे मध्य प्रदेश को अंतर्राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। भारतीय टीम तीन बार का खिताब जीत चुकी है। पिछले दो संस्करणों में भी भारतीय टीम ने लगातार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। दक्षिण कोरिया के नाम भी तीन खिताब हैं। भारत के पास चौथी बार ट्रॉफी जीतने का अवसर है। वर्ष 2026 में टीम ने हैदराबाद में एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप क्वालीफायर में शानदार प्रदर्शन किया। न्यूजीलैंड में एफआईएच महिला नेशंस कप का खिताब भारत ने जीता। बेल्जियम में महिला हॉकी विश्व कप में टीम ने पांचवां स्थान प्राप्त किया। जापान में आयोजित एशियन गेम्स में भारतीय महिला टीम ने 44 वर्षों का इंतजार समाप्त करते हुए स्वर्ण पदक जीता।
