बड़ी-श्यामपुर रोड की जर्जर हालत और अघोषित बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार दोपहर फूट पड़ा। बड़ी में ग्रामीणों ने चांदबढ़ के पास सड़क पर उतरकर चक्काजाम करने की कोशिश की। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने एक हफ्ते के भीतर समस्याओं को सुलझाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन फिलहाल टाल दिया। जिला पंचायत के पूर्व सदस्य राजेश गौर की अगुवाई में जुटे ग्रामीणों ने बताया कि चांदबढ़ और आसपास के करीब 30 गांवों में रोजाना 4 से 5 घंटे बिजली कटौती हो रही है। बिजली जाने का कोई समय भी तय नहीं है। इससे किसान और आम लोग बेहद परेशान हैं। श्यामपुर तहसील समेत दर्जनों गांवों को जिला मुख्यालय सीहोर से जोड़ने वाली यह मुख्य सड़क पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। सड़क का डामर उखड़ गया है और जगह-जगह बड़े गड्ढे व गिट्टियां बिखरी पड़ी हैं। इससे रोजाना सफर करने वाले किसानों, छात्रों, मरीजों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बना रहता है। बड़ी से श्यामपुर तक 24.30 किलोमीटर लंबी इस सड़क को 28 जून 2022 को मंजूरी मिली थी। एमपीआरडीसी ने करीब 29.03 करोड़ रुपए की लागत से इसका निर्माण कराया था। यह मध्य प्रदेश की पहली ऐसी सड़क बताई गई थी, जिसे फुल डेप्थ रिक्लेमेशन तकनीक से बनाया गया था। इस तकनीक में पुरानी सड़क को मशीन से उखाड़कर उसी के मटेरियल में केमिकल व बाइंडर मिलाकर दोबारा सड़क बिछाई जाती है। निर्माण के समय दावा किया गया था कि इससे लागत 40 से 50 फीसदी तक कम आएगी। सड़क आम सड़कों के मुकाबले दोगुनी मजबूत व टिकाऊ होगी। लेकिन ये सारे दावे हवा हो गए और जून 2023 की पहली ही बारिश में सड़क उखड़ने लगी। सड़क में दरारें आ गईं और पुलिया भी क्षतिग्रस्त हो गई। लंबे समय से मरम्मत की मांग के बावजूद सुनवाई न होने पर ग्रामीणों को सड़क पर उतरना पड़ा।
समाचार
बड़ी में सड़क और बिजली कटौती पर ग्रामीणों का गुस्सा
16 नवंबर 2026 को 10:46 pm बजे
बड़ी में सड़क और बिजली कटौती पर ग्रामीणों का गुस्सा
