उज्जैन-देवास रोड पर पालखंदा के पास स्थित सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट एवं ढाबे पर दाल में मक्खी मिलने की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जांच की, तो ढाबा बिना लाइसेंस और जरूरी अनुमतियों के संचालित होता मिला। देवास निवासी विजय सिंह तोमर ने शनिवार को ढाबे पर खाना खाने के दौरान दाल में मक्खी देखी और परिसर में गंदगी पाई, जिसके बाद उन्होंने CM हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंतदत्त शर्मा और बीएस देवलिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में अधिकारियों को ढाबे पर साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली, जहां मक्खियां भिनभिना रही थीं। बटर खुले बर्तन में रखा हुआ था, जो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने ढाबे से पनीर और बटर के नमूने भी लिए। यह नमूने जांच के लिए स्टेट लैबोरेटरी भेजे गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, हाईवे पर स्थित ऐसे ढाबों में पनीर और बटर की गुणवत्ता को लेकर अक्सर शिकायतें आती रहती हैं। जांच में यह भी सामने आया कि ढाबा संचालित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग का लाइसेंस तो था ही नहीं, साथ ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और स्थानीय पंचायत की अनुमति भी नहीं ली गई थी। यह ढाबा बिना किसी जरूरी पंजीकरण और लाइसेंस के चलाया जा रहा था। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तत्काल ढाबा बंद करवा दिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने ढाबे के संचालक को आवश्यक पंजीयन और लाइसेंस प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक संचालक खाद्य लाइसेंस नहीं ले लेता, तब तक ढाबा दोबारा संचालित नहीं किया जा सकेगा।
समाचार
उज्जैन-देवास रोड के ढाबे पर दाल में मक्खी, बिना लाइसेंस संचालन पर खाद्य विभाग ने लगाया ताला
5 अक्टूबर 2026 को 12:05 am बजे

उज्जैन-देवास रोड के ढाबे पर दाल में मक्खी, बिना लाइसेंस संचालन पर खाद्य विभाग ने लगाया ताला
साझा करेंWhatsApp
