समाचार
Opening page
Preparing your workspace...
समाचार
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश राय ने बताया कि नवजात शिशु का जीवन सुरक्षित रहे और उसका समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास हो, इसके लिए राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह (15 से 21 नवंबर) के अंतर्गत जिले में विशेष सामुदायिक गतिविधियां चलाई जा रही हैं। इनका उद्देश्य अस्पताल से लेकर समुदाय स्तर तक नवजात की देखभाल, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और फॉलोअप सेवाओं को मजबूत करना है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विक्रांत चौहान ने बताया कि वर्ष 2026 की थीम के अनुरूप सभी विकासखंडों में विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसमें समयपूर्व जन्मे, कम वजन वाले और बीमार नवजात शिशुओं की देखभाल तथा एसएनसीयू से उपचार के बाद डिस्चार्ज हुए बच्चों की नियमित निगरानी शामिल है। जिला चिकित्सालय में संचालित एसएनसीयू और खंड स्तर की एनबीएसयू से डिस्चार्ज किए गए बच्चों की अद्यतन नामवार सूची तैयार की जा रही है। यह सूची संबंधित क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं तक पहुंचाई जा रही है। बीसीएम के माध्यम से साझा की जा रही इस सूची के आधार पर बच्चों का निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार फॉलोअप सुनिश्चित किया जा रहा है। उद्देश्य यह है कि अस्पताल से घर पहुंचने के बाद भी कोई नवजात आवश्यक स्वास्थ्य जांच और देखभाल से वंचित न रहे। आशा, एएनएम और सीएचओ उच्च जोखिम वाले नवजात शिशुओं के घरों का संयुक्त भ्रमण कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति का आकलन कर रहे हैं। गृह भ्रमण के दौरान बच्चे का वजन और वृद्धि, स्तनपान की स्थिति, कंगारू मदर केयर (केएमसी) की निरंतरता, टीकाकरण, विकासात्मक गतिविधियों तथा खतरे के लक्षणों की जानकारी ली जा रही है। इस दौरान आशा, एएनएम और सीएचओ परिवार के सदस्यों को नवजात को गर्म रखने, स्वच्छता, उचित पोषण और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में परामर्श दे रहे हैं। यह निगरानी अस्पताल से घर तक नवजात की देखभाल सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है।
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया