सिंहस्थ 2028 से पहले शिप्रा नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए बन रही कान्ह डक्ट परियोजना से उज्जैन के ग्राम बड़वई के ग्रामीण परेशान हैं। घट्टिया तहसील के इस गांव में जून से टनल निर्माण के लिए ब्लास्टिंग की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि धमाकों से मकानों की दीवारों में दरारें आ रही हैं। छतों से सीमेंट-कंक्रीट गिर रहा है और घरों के आसपास पत्थर बरस रहे हैं। इससे करीब 650 ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों का कहना है कि ब्लास्टिंग से पहले उन्हें कोई सूचना नहीं दी जाती। न सायरन बजाया जाता है और न ही धमाकों का कोई तय समय है। ग्रामीणों ने घरों के अंदर और छतों पर पत्थर गिरने के वीडियो भी वायरल किए हैं। शिकायत मिलने के बाद दो दिन पहले कलेक्टर रोशन कुमार सिंह सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी गांव पहुंचे। उन्होंने प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। कलेक्टर ने नुकसान झेल रहे मकानों की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है। ब्लास्टिंग स्थल के पास रहने वाले ग्रामीण अंतर सिंह पटेल ने बताया कि धमाकों के दौरान छत, गैलरी और आसपास पत्थर गिरते हैं। अंतर सिंह के मुताबिक सीमेंट-कॉन्क्रीट गिर रहा है और दीवारों में दरारें आ रही हैं। इस संबंध में कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, कमिश्नर आशीष सिंह और ब्लास्टिंग करने वाले अधिकारियों से शिकायत की गई है, लेकिन समस्या बनी हुई है। ग्रामीण रवि आंजना के मुताबिक, उन्होंने ब्लास्टिंग करने वाले अधिकारियों से इस समस्या को लेकर चर्चा की थी। अधिकारियों ने कम बारूद इस्तेमाल करने और मकानों को नुकसान से बचाने का भरोसा दिया था।
समाचार
ब्लास्टिंग से मकानों में दरारें, ग्रामीण परेशान
19 नवंबर 2026 को 11:28 pm बजे

ब्लास्टिंग से मकानों में दरारें, ग्रामीण परेशान
