नवदुर्गा पर्व 11 अक्टूबर से शुरू होकर 20 अक्टूबर को विजयदशमी के साथ समाप्त होगा
उमरिया जिले में नवदुर्गा और दशहरा का त्योहार शांति व सौहार्द के साथ मनाने के लिए जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्टर राखी सहाय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी भी मौजूद रहे। उन्होंने आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और आयोजनों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। बैठक में यह तय किया गया कि नवदुर्गा पर्व 11 अक्टूबर से शुरू होकर 20 अक्टूबर को विजयदशमी के साथ समाप्त होगा। कलेक्टर राखी सहाय ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोपरि है। उन्होंने सभी आयोजकों से अपील की कि वे पूजा पंडाल सड़कों पर न बनाएं, जिससे आवागमन बाधित न हो। साथ ही, सभी पूजा पंडालों के लिए एमपीईबी से अस्थाई बिजली कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया कि चल समारोह से पहले शहर में लटकती तारों को व्यवस्थित कर लिया जाए, ताकि किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके। बैठक में यह भी तय हुआ कि नवरात्र के दौरान किसी भी प्रकार के आकेस्ट्रा या गरबा आयोजन के लिए एसडीएम से पूर्व अनुमति लेना आवश्यक होगा। कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिए कि वे शहर का भ्रमण कर चिन्हित मार्गों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि मिट्टी से बनी दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना को प्राथमिकता दी जाए। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी ने विजयादशमी के दिन मूर्तियों के विसर्जन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नशे की हालत में चल समारोह में शामिल होने की अनुमति नहीं होगी।

