कार्तिक माह में महाकालेश्वर भगवान की पहली सवारी का एक वीडियो सामने आया है। इसमें पालकी में विराजित भगवान चंद्रमोलेश्वर के हाथ में चिलम जैसी वस्तु दिखाई दे रही है। श्रद्धालुओं ने चिलम में मादक पदार्थ होने का दावा किया है। वीडियो सामने आने के बाद श्रद्धालुओं ने नाराजगी जताई है। उज्जैन के पांच युवाओं ने मंदिर समिति और कलेक्टर रोशन सिंह से शिकायत की है। उन्होंने मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। खास बात यह है कि यह वीडियो महाकाल मंदिर समिति के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर भी अपलोड किया गया है। इसमें शिप्रा नदी के रामघाट पर पूजन के दौरान भी भगवान के हाथ में चिलम दिखाई दे रही है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि भगवान के हाथ में चिलम किसने रखी और वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों की नजर इस पर क्यों नहीं पड़ी। शिकायत देने वालों में ईशान सिंह, त्रिवेदी, रौनक उज्जैनिया, लक्ष्य परिहार और विशाल शर्मा शामिल हैं। इन सभी ने मंगलवार को जनसुनवाई में मंदिर समिति के साथ कलेक्टर को शिकायत दी। शिकायत में 16 नवंबर को कार्तिक-अगहन मास की पहली सवारी के दौरान चिलम जैसी वस्तु पर आपत्ति जताई गई है। शिकायत में कहा गया है कि किसी धार्मिक ग्रंथ में भगवान की पूजा में मादक पदार्थ चढ़ाने का उल्लेख नहीं मिलता। श्रद्धालुओं ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया है। नशामुक्ति अभियान के बीच यह गलत संदेश दे सकता है। श्रद्धालुओं ने निष्पक्ष जांच कर चिलम रखने वाले व्यक्ति की पहचान की मांग की है। मंदिर से जुड़े पुजारियों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर कहा कि सवारी में भगवान को चिलम अर्पित करने की कोई परंपरा नहीं है। पुजारियों के अनुसार सवारी में ऐसा दिखना गंभीर मामला है। मंदिर समिति को इसका संज्ञान लेकर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करनी चाहिए।
समाचार
उज्जैन में महाकाल सवारी में चिलम जैसी वस्तु पर श्रद्धालुओं ने शिकायत दी, जांच की मांग
21 नवंबर 2026 को 10:39 pm बजे

उज्जैन में महाकाल सवारी में चिलम जैसी वस्तु पर श्रद्धालुओं ने शिकायत दी, जांच की मांग
साझा करेंWhatsApp
