ड्रेनेज लाइन में लीकेज या खराब भराव को माना जा रहा है कारण, जांच जारी
इंदौर के परदेशीपुरा इलाके में एक बार फिर सड़क धंसने की घटना सामने आई है। गली नंबर-3 में एक चैंबर के पास सड़क का एक हिस्सा नीचे बैठ गया, जिससे वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ। यह इलाका पिछले एक साल में दूसरी बार इस तरह की समस्या से जूझ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब एक साल पहले भी इसी जगह सड़क धंसी थी, जिसके बाद मरम्मत का काम किया गया था। इस बार सड़क धंसने से उसके नीचे जमीन का एक बड़ा हिस्सा खोखला मिला है। मौके पर सड़क का एक स्लैब हवा में लटका हुआ दिखाई दिया, जो किसी भी वक्त गिर सकता था। यह घटना शहर में लगातार हो रही सड़क धंसने की घटनाओं की कड़ी में पांचवीं है, जो पिछले चार महीनों में हुई हैं। इससे पहले मेघदूत गार्डन, गोराकुंड, गाड़ी अड्डा, नासिया रोड और पंढरीनाथ जैसे इलाकों में भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। अधिकारियों के अनुसार, सड़क के नीचे खोखली जमीन का कारण पुरानी ड्रेनेज लाइन में लीकेज हो सकता है। जब पुरानी पाइपलाइन से पानी रिसता है, तो वह अपने साथ मिट्टी को भी बहा ले जाता है। धीरे-धीरे यह मिट्टी बहने से सड़क के नीचे खाली जगह बन जाती है। जब ऊपर से वाहनों का भारी दबाव पड़ता है, तो कंक्रीट की सड़क टूटकर इसी खोखली जगह में बैठ जाती है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि सड़क के नीचे की यह खोखली जमीन लीकेज की वजह से बनी है या फिर चैंबर के आसपास खराब तरीके से भरा गया मलबा इसका कारण है। इस बात की जांच के बाद ही पुष्टि हो पाएगी। पिछले हादसे के बाद चैंबर की मरम्मत कराकर मिट्टी का भराव किया गया था, लेकिन नए काम के बाद भी यदि भराव ठीक से न हो, तो मिट्टी का कटाव संभव है।

