कुबेरेश्वरधाम में सोमवार को भव्य हरि-हर मिलन महोत्सव का आयोजन होगा। यह आयोजन जिला मुख्यालय के समीप चितावलिया हेमा स्थित प्रसिद्ध धाम पर कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी के अवसर पर किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य और मार्गदर्शन में प्रतिवर्ष होने वाला यह धार्मिक महोत्सव इस वर्ष भी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। आयोजन में शाम 5 बजे भगवान को आकर्षक पालकी में विराजमान कर मंदिर परिसर में सादगीपूर्ण चल समारोह निकाला जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु शामिल होकर हरि-हर मिलन के साक्षी बनेंगे। पंडित प्रदीप मिश्रा ने बताया कि हरि-हर मिलन की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का विशेष महत्व है। भगवान विष्णु को हरि और भगवान शिव को हर कहा जाता है। दोनों देवताओं के मिलन का यह पर्व सनातन संस्कृति में आपसी एकता, श्रद्धा और समर्पण का संदेश देता है। कुबेरेश्वरधाम पर हर वर्ष इस अवसर पर दिव्य आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विठलेश सेवा समिति और प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। यातायात व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और पार्किंग सहित अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। धाम पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क भोजन प्रसादी और भंडारे की व्यवस्था भी की गई है। समिति की ओर से पंडित समीर शुक्ला, पंडित विनय मिश्रा सहित अन्य सेवादार भोजन प्रसादी की व्यवस्था देख रहे हैं। विठलेश सेवा समिति के मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी को बैकुंठ चतुर्दशी के रूप में भी मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार चातुर्मास में भगवान विष्णु देवशयनी एकादशी से देवउठनी एकादशी तक योगनिद्रा में रहते हैं।
समाचार
कुबेरेश्वरधाम पर सोमवार को भव्य हरि-हर मिलन महोत्सव का आयोजन होगा
21 नवंबर 2026 को 10:39 pm बजे
कुबेरेश्वरधाम पर सोमवार को भव्य हरि-हर मिलन महोत्सव का आयोजन होगा
