समाचार
Opening page
Preparing your workspace...
समाचार
राजधानी भोपाल में छठ महापर्व का समापन सोमवार सुबह उगते सूर्य को अघ्र्य देने के साथ हुआ। व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला व्रत खोलकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना के इस चार दिवसीय महापर्व में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोपाल के शीतलदास की बगिया, कमला पार्क सहित विभिन्न छठ घाटों पर तड़के से ही तैयारियां दिखीं। सुबह भोर की पहली किरण के साथ व्रतियों ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अघ्र्य अर्पित किया। घाटों पर छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजने लगे। हाथों में पूजा की टोकरी और बांस के सूप लिए महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ घाटों पर पहुंचीं। जल में खड़े होकर सूर्य देव को जल और गाय के कच्चे दूध से अघ्र्य दिया गया। इसके साथ ही 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का विधिवत समापन हुआ। व्रतियों ने बांस के सूप में ठेकुआ महाप्रसाद, केला, नारियल, ऋतु फल और अक्षत सजाए थे। पारंपरिक विधि-विधान से सूर्य देव की पूजा की गई। घाटों पर परिवार के सदस्यों और परिचितों की मौजूदगी ने पर्व का उल्लास बढ़ा दिया। अघ्र्य के दौरान घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल दिखा। पूजा संपन्न होने के बाद व्रतियों ने पारण किया और प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों के बीच ठेकुआ सहित अन्य प्रसाद वितरित किया गया। छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई थी। दूसरे दिन 14 नवंबर को खरना किया गया। इस दिन व्रतियों ने दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और गेहूं की रोटी का प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हुआ। 15 नवंबर को डाला छठ के अवसर पर व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य दिया। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अघ्र्य देने के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान पूरा हुआ। छठ पर्व के समापन के साथ घाटों पर प्रसाद वितरण और पारण का सिलसिला शुरू हो गया। लोक आस्था के इस महापर्व ने राजधानी में पारंपरिक संस्कृति, पारिवारिक एकजुटता और सामाजिक सहभागिता की तस्वीर प्रस्तुत की।
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया