सीहोर में युवा खिलाड़ियों को मिला आईपीएल सितारों संग खेलने का मौका
सीहोर। बीएसआई मैदान पर चल रही एकलव्य टी-20 क्रिकेट ट्रॉफी में गुरुवार को स्थानीय खिलाड़ियों को आईपीएल और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिला। मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के अनिकेत वर्मा, लखनऊ सुपर जायंट्स के अक्षत रघुवंशी और त्रिपुरेश सिंह सहित कई क्रिकेटर मैदान में उतरे। अंडर-19 भारतीय टीम के खिलाड़ी राहुल बाथम और अंकुर सिंह ने भी मुकाबले में हिस्सा लिया। इस दौरान अनिकेत वर्मा ने सीहोर पहुंचकर यहां के खेल मैदान, सुविधाओं और स्थानीय खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर अपने अनुभव साझा किए। अनिकेत वर्मा ने सीहोर के खेल बुनियादी ढांचे की सराहना करते हुए कहा कि यहां पहले के मुकाबले काफी बदलाव आया है। अब ग्राउंड और विकेट बेहतर हो चुके हैं। बच्चों के लिए प्रैक्टिस एरिया और अन्य खेल सुविधाओं में भी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि मैदान पर खिलाड़ियों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं और यहां का माहौल भी क्रिकेट के अनुकूल है। स्थानीय खिलाड़ियों को संदेश देते हुए अनिकेत ने कहा कि वे कड़ी मेहनत करें और अपने खेल पर ध्यान दें। उन्होंने उभरते खिलाड़ियों को अपनी ओर से शुभकामनाएं भी दीं।
