कार्तिक मेले में गधों की खरीद-फरोख्त जारी, दाम 15 से 30 हजार रुपए
बड़नगर रोड स्थित कार्तिक मेले में इस बार भी अनूठी परंपरा के साथ गधों के मेले का शुभारंभ हुआ। आयोजन की शुरुआत गधों का पूजन कर उन्हें गुलाब जामुन खिलाकर की गई। गधों की चहल-पहल और मिठाई के इस प्रतीकात्मक स्वागत के बीच कार्यक्रम ने मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। पार्षद छोटेलाल मंडलोई मुख्य अतिथि रहे और उन्होंने भी आयोजन में हिस्सा लिया। परंपरा के अनुसार पशुपालकों ने गधों और गधी का पूजन किया और उनका प्रतीकात्मक विवाह भी कराया। इस दौरान लोगों ने गधे महाराज के जयकारे लगाए। मेले में प्रदेशभर से व्यापारी पहुंचे हैं, जहां गधों की खरीद-फरोख्त हो रही है। मनोज बाबूलाल प्रजापत और प्रजापत समाज के राधेश्याम बिलोनिया के अनुसार इस बार गधों के दाम 15 हजार से 30 हजार रुपए तक बताए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में उपयोग घटने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी सामान ढोने के लिए गधों का इस्तेमाल जारी है। मेले की खास पहचान यह भी है कि यहां गधों को सलमान, शाहरुख, ऐश्वर्या, जैकलिन, शबनम और शबाना जैसे नाम दिए गए हैं।

