'एक जिला एक उत्पाद' (ओडीओपी) योजना को अब पूरी तरह बाजार और निर्यात केंद्रित बनाया जाएगा। नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत किसी भी जिले के उत्पाद का चयन केवल उसकी पारंपरिक या सांस्कृतिक पहचान के आधार पर नहीं होगा। अब उसकी वैश्विक मांग, उत्पादन क्षमता और निर्यात की संभावनाओं को भी परखा जाएगा। यह बदलाव योजना को उत्पादों की बाजार में पहुंच से जोड़ने के लिए किया जा रहा है। जिन उत्पादों की उत्पादन क्षमता कम हो गई है, उनकी जगह नए उत्पाद जोड़े या बदले जा सकेंगे। यह फैसला राज्य सरकार का औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग मंजूरी से करेगा। जिन उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में गुणवत्ता के कारण लाभ नहीं मिल पा रहा है, उन पर भी यही नियम लागू होगा। हर तीन साल में उत्पादों के प्रदर्शन की समीक्षा अनिवार्य की गई है। एक ही उत्पाद को एक से अधिक जिलों में चुना जा सकेगा। इसके लिए वहां मजबूत उत्पादन आधार या साझा भौगोलिक पहचान होना जरूरी है। जिला कलेक्टर की अध्यक्षता वाली कमेटी उत्पादों का मूल्यांकन 30 अंकों के एक विशेष स्कोरिंग मैट्रिक्स पर करेगी। इसमें छह मानकों पर पांच-पांच अंक तय किए गए हैं। ये मानक बाजार व निर्यात क्षमता, उत्पाद की विशिष्टता जैसे जीआइ टैग, उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता मानक, रोजगार सृजन और स्थानीय इकोसिस्टम की तैयारी हैं। कमेटी इन्हीं आधारों पर उत्पादों की स्थिति परखेगी। इससे चयन में स्पष्ट पैमाना लागू होगा। देश के सभी जिलों के विशिष्ट उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसी उद्देश्य से भारत सरकार ने ओडीओपी के चयन और संशोधन के लिए एसओपी जारी की है। इसका उद्देश्य उत्पादों की गुणवत्ता और पैकेजिंग में सुधार करना भी है।
समाचार
मध्य प्रदेश में कमजोर प्रदर्शन वाले ओडीओपी उत्पादों की जगह नए उत्पाद जुड़ेंगे, हर तीन साल होगी समीक्षा
27 नवंबर 2026 को 10:57 pm बजे

मध्य प्रदेश में कमजोर प्रदर्शन वाले ओडीओपी उत्पादों की जगह नए उत्पाद जुड़ेंगे, हर तीन साल होगी समीक्षा
साझा करेंWhatsApp
