धनतेरस और दीपावली के पावन पर्व पर मध्य प्रदेश पुलिस ने प्रदेशवासियों को एक बड़ी सौगात देते हुए उनकी खोई हुई खुशियां लौटाई हैं। विगत 05 दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गुम और चोरी हुए 1,748 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 90 लाख 75 हजार रुपये है। पुलिस इन कीमती मोबाइल फोन को उनके वास्तविक मालिकों को सौंप रही है, जिससे त्योहार के अवसर पर सैकड़ों परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौटी है। उज्जैन पुलिस ने धनतेरस के अवसर पर सीईआईआर पोर्टल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से 524 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत 01 करोड़ रुपये है। इसी तरह, थाना चिमनगंज मंडी क्षेत्र की गोल्डन मोबाइल शॉप में हुई चोरी का सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में पुलिस ने 02 मोबाइल फोन, एक एप्पल आईपैड और सीसीटीवी डीवीआर सहित करीब 2 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की। जिले में कुल 524 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इंदौर पुलिस ने दीपावली के अवसर पर विशेष अभियान चलाकर 274 नागरिकों के गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जोन-03 पुलिस ने 58 लाख रुपये से अधिक कीमत के 168 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए। क्राइम ब्रांच इंदौर ने 20 लाख रुपये से अधिक कीमत के 106 गुम मोबाइल फोन खोजकर नागरिकों को सौंपे। थाना राजेंद्र नगर क्षेत्र में हुई नकबजनी का खुलासा करते हुए चोरी के 36 महंगे एंड्रॉयड मोबाइल फोन, जिनकी कीमत 11 लाख 40 हजार रुपये है, जब्त किए गए। थाना परदेशीपुरा पुलिस ने भी 13 गुम मोबाइल फोन बरामद किए। इस प्रकार इंदौर पुलिस ने कुल 323 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन वास्तविक मालिकों को लौटाए। नरसिंहपुर पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए 201 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 75 लाख रुपये है। वहीं, छिंदवाड़ा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 151 गुम मोबाइल फोन बरामद किए। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 26 लाख 58 हजार रुपये है, जिन्हें पुलिस ने वास्तविक मालिकों को लौटा दिया। मंदसौर पुलिस ने तकनीकी प्रयासों से आम नागरिकों के गुम हुए 115 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 23 लाख रुपये है। खंडवा पुलिस ने 'ऑपरेशन सहयोग' के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए 102 गुम मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी कुल कीमत करीब 21 लाख 81 हजार रुपये है। पुलिस ने सभी मोबाइल फोन आवेदकों को वापस सौंपे।
समाचार
मध्य प्रदेश पुलिस ने लौटाई खोई खुशियां
6 नवंबर 2026 को 11:08 pm बजे
मध्य प्रदेश पुलिस ने लौटाई खोई खुशियां
