दोनों पर 35 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप, पुलिस ने 7 दिन पूर्व पकड़ा था
भोपाल के बिल्डर दंपत्ति संदीप रमतानी और संगीता रमतानी इन दिनों सुर्खियों में हैं। उन पर लोगों से मकान बुकिंग के नाम पर पैसे ऐंठने और फर्जी दस्तावेजों से बैंकों से करोड़ों रुपये का लोन लेने के आरोप हैं। कई शिकायतें दर्ज होने के बाद दोनों फरार हो गए थे। पुलिस ने उन्हें 7 दिन पूर्व पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार दोनों ने कथित रूप से 35 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। बताया जा रहा है कि उनके रिश्तेदारों के बड़े कॉलेज और कार शोरूम हैं। ऐसी ही शानो-शौकत भरी जिंदगी जीने की चाह में दोनों के मन में अथाह दौलत कमाने की भूख जगी। इसी फेर में उन्होंने लोगों की मेहनत की कमाई धोखे से हथिया ली। भोपाल के एमपी नगर के प्रॉपर्टी बिल्डर और डेवलपर योगेश सूद ने अयोध्या नगर थाने में संदीप रमतानी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उनके अनुसार 2017 में अर्चना परिसर, अयोध्या नगर में चार निर्माणाधीन फ्लैट बुक कराने के नाम पर उनसे 60 लाख रुपये लिए गए थे। फ्लैट न तो पूरे बनाए गए और न ही खरीदार को सौंपे गए। शिकायतकर्ता 52 वर्षीय सूद के अनुसार, आरोपी ने उन्हीं अधूरे फ्लैटों पर बैंक से 60 लाख रुपये का कर्ज भी ले लिया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया। तीन अन्य खरीदार राघवेंद्र ओझा, अमित सिंह तोमर और उज्जैन के किसान मनदीप चौकसे ने भी संदीप रमतानी और उनकी पत्नी के खिलाफ शिकायत दी है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार 2020 में निर्माणाधीन फ्लैटों के लिए उनसे पूरा भुगतान लिया गया। आरोपियों ने फ्लैट पूरे नहीं किए और निर्माणाधीन संपत्ति पर ही ऋण भी ले लिया। कर्ज न चुकाने पर बैंक ने इमारत को जब्त कर लिया। इसके चलते शिकायतकर्ताओं को उनके फ्लैटों का कब्जा नहीं मिल सका। अयोध्या नगर में भोपाल एवेन्यू के पीछे की आवासीय परियोजना में फ्लैट बुकिंग के नाम पर यह धोखाधड़ी की गई। गौतम नगर की जनता कॉलोनी की निवासी बसंती सोनी ने भी संदीप रमतानी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। बसंती सोनी ने बताया कि उन्होंने 2020 में 14.5 लाख रुपये में एक फ्लैट बुक कराया था। इसके बावजूद उन्हें फ्लैट का कब्जा नहीं दिया गया। पुलिस ने बताया कि निर्माणाधीन फ्लैटों से जुड़े लेन-देन के मामले की अब जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों का पूरा नेटवर्क खंगाल रही है। पुलिस मामले में बैंक कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है। जांच में यह देखा जा रहा है कि कर्ज किन दस्तावेजों के आधार पर स्वीकृत हुए। अधूरी इमारतों की स्थिति और उनसे जुड़े भुगतानों का भी मिलान किया जा रहा है। सभी शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज कर सबूत जुटाए जा रहे हैं। आरोपी दंपत्ति की गिरफ्तारी के बाद अन्य पीड़ित भी आगे आ रहे हैं। पुलिस उनकी शिकायतों की भी जांच कर रही है।

