समाचार
Opening page
Preparing your workspace...
समाचार
सीहोर जिले के बुदनी में तीन लोगों की हत्या का खुलासा पुलिस ने गुरुवार को किया। पुलिस के मुताबिक तीनों की हत्या लेन-देन के विवाद को लेकर की गई थी। मृतक राकेश मीणा ने आरोपी जगदीश को दो लाख रुपए कर्ज दिया था। दो साल में यह रकम साढ़े तीन से चार लाख रुपए हो गई, लेकिन आरोपी रकम लौटा नहीं पाया। जांच में सामने आया कि रकम नहीं लौटाने पर फसल से भरपाई की बात भी तय हुई थी। बाद में कर्ज चुकाने से बचने के लिए आरोपी ने परिवार को खत्म करने की साजिश रची। पुलिस ने आरोपी जगदीश (40) पिता अक्लसिंह बरेला निवासी बुदनी और अनिल (20) पिता अमनसिंह भिलाला को गिरफ्तार किया है। बुधवार सुबह बुदनी में एक ही परिवार के तीन लोगों के शव घर के अंदर मिले थे। मृतकों की पहचान राकेश मीणा (45), उनकी पत्नी राधा मीणा (40) और 24 वर्षीय बेटे अश्विन के रूप में हुई थी। जांच में तीनों के सिर पर चोट के निशान मिले। एएसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि जगदीश ने राकेश से करीब ढाई साल पहले दो लाख रुपए कर्ज लिया था। ढाई साल में ब्याज समेत यह रकम साढ़े तीन लाख रुपए हो गई थी। पुलिस के अनुसार ब्याज किस आधार पर लिया गया, यह पूछताछ के बाद ही पता चलेगा। यह दोनों की आपसी बातचीत थी और इसका कोई लिखित प्रमाण नहीं मिला है। जगदीश ने वारदात से 7-8 दिन पहले साजिश रची थी। उसने अपने साथी अनिल को इसमें शामिल कर काम के बदले रुपए देने का वादा किया था। 16 नवंबर की रात करीब 11 बजे दोनों आरोपी घर पहुंचे। वे रेलवे ट्रैक की तरफ बने पिछले दरवाजे से अंदर गए। जगदीश ने दरवाजा खोला और सभी ने बैठकर चाय पी। इसके बाद आरोपियों ने कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से पहले अश्विन, फिर राकेश और राधा पर वार किए। हत्या के बाद दोनों भाग गए और सबूत छिपाने के लिए राकेश का मोबाइल टॉयलेट में डाल दिया। पुलिस ने कॉल डिटेल्स, घर से मिली डायरी, चाय के चार कप और कुल्हाड़ी को जांच में अहम सबूत माना है।
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया