उज्जैन के महाकाल मंदिर आने वाले श्रद्धालु दर्शन के बाद परिसर में ही स्मृति चिन्ह, धार्मिक पुस्तकें और पूजन सामग्री खरीद सकेंगे। मंदिर प्रबंध समिति परिसर में स्मृति चिन्ह केंद्र बनाने जा रही है। इसके विकास और संचालन के लिए प्रस्ताव मांगे गए हैं। अभी श्रद्धालुओं को महाकाल की तस्वीरें, धार्मिक पुस्तकें, पूजन सामग्री और उज्जैन की यादगार वस्तुएं खरीदने के लिए मंदिर के बाहर अलग-अलग दुकानों पर जाना पड़ता है। प्रस्तावित केंद्र में ये चीजें एक ही जगह मिलेंगी। इससे श्रद्धालुओं को खरीदारी के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। केंद्र में महाकाल थीम के उत्पादों के साथ मालवा और मध्य प्रदेश के हस्तशिल्प भी रखे जाएंगे। हैंडलूम और स्थानीय कलाकृतियां भी इसमें शामिल होंगी। इससे मंदिर आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालु स्थानीय कला और संस्कृति से जुड़े उत्पाद खरीद सकेंगे। मंदिर प्रबंध समिति निविदा के जरिए केंद्र का विकास और संचालन करेगी। चयन तकनीकी और वित्तीय प्रस्तावों की दो-कवर प्रक्रिया से होगा। इसमें गुणवत्ता और लागत के आधार पर चयन किया जाएगा।
समाचार
महाकाल परिसर में बनेगा स्मृति चिन्ह केंद्र
18 नवंबर 2026 को 11:21 pm बजे
