तीन साल बाद भी कैंट बोर्ड से 25 नंबर फाटक पर ओवरब्रिज की जमीन की एनओसी नहीं मिली है, जबकि रेलवे का हिस्सा भी अधूरा है
शहर के यातायात को सुगम बनाने के लिए 115 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत से पांच ओवरब्रिज तैयार हो रहे हैं। इन ब्रिजों का काम दो केंद्रीय विभागों के कारण पूरा नहीं हो पा रहा है। रक्षा विभाग के अधीन कैंट बोर्ड ने तीन साल बाद भी 25 नंबर फाटक पर ओवरब्रिज बनाने के लिए जमीन की एनओसी नहीं दी है। बाकी चार ब्रिजों का काम रेलवे की लेटलतीफी के कारण समय से पूरा नहीं हो सका है। इन दो केंद्रीय विभागों के कारण शहर की रफ्तार रुक गई है। तीन साल बाद भी इन ब्रिजों के काम पूरे नहीं हो सके हैं। निर्माण के चलते रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से लोगों को दो से चार किलोमीटर तक का चक्कर लगाना पड़ रहा है। भारी वाहन शहर के बीच से गुजर रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ा है और सड़कें भी खराब हो रही हैं। दरअसल, रेलवे और सेतु निर्माण विभाग ने मिलकर शहर और उससे लगे 21, 25, 26, 27 व 32 नंबर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण के प्रस्ताव तैयार किए थे। 2023 में पांच में से चार ब्रिजों का निर्माण भी शुरू हो गया था। लेकिन रेलवे स्टेशन के पास स्थित 25 नंबर रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज बनाने के लिए कैंट बोर्ड से जमीन की एनओसी अब तक नहीं मिली है। यह ब्रिज बनने से लोग सदर और रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 तक सीधे पहुंच सकेंगे। 21, 26 व 27 नंबर गेट पर रेलवे की लेटलतीफी के कारण काम अटका हुआ है। लेहदरा नाका पर 21 नंबर बायपास पर बम्हौरी रेगुवां में 40 करोड़ रुपए की लागत से 18 मीटर चौड़े और 835 मीटर लंबे आरओबी का निर्माण चल रहा है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण एजेंसी से अक्टूबर 2023 में अनुबंध हुआ था। फरवरी 2026 तक निर्माण पूरा करना था, लेकिन सेतु निर्माण विभाग 80 प्रतिशत काम कर चुका है। रेलवे के हिस्से का काम अब तक पूरा नहीं हुआ है, जिससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बदहाल बनी हुई है। 26 नंबर टीए बटालियन के सामने 26 करोड़ 77 लाख की लागत से 12 मीटर चौड़ाई का 725 मीटर लंबा ओवरब्रिज तैयार हो रहा है। यह ब्रिज सिविल लाइन, तिली और मकरोनिया को सदर से जोड़ेगा। जून 2023 में ठेकेदार से अनुबंध किया गया और जून 2025 तक काम पूरा करना था। सेतु निर्माण विभाग ने 80 प्रतिशत काम पूरा कर लिया है, लेकिन रेलवे का हिस्सा अधूरा है। 27 नंबर परेड मंदिर पर 29 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से 12 मीटर चौड़ाई का 694 मीटर लंबा ओवरब्रिज तैयार हो रहा है। मुख्य बस स्टैंड से निकलकर झांसी, बीना और भोपाल रूट की यात्री बसें इसी मार्ग से निकलती हैं। जनवरी 2023 में ठेकेदार से अनुबंध किया गया था और जून 2025 में काम पूरा करना था। यहां भी सेतु निर्माण विभाग अपने हिस्से का 80 प्रतिशत काम पूरा कर चुका है। यहां रेलवे का काम पूरा होने के बाद गर्डर लॉन्चिंग के लिए ब्लॉक भी स्वीकृत हो गए हैं। 32 नंबर गुड़ा फाटक पर 19 करोड़ रुपए की लागत से तैयार होने वाले 12 मीटर चौड़ाई के 750 मीटर लंबे इस ब्रिज का काम अभी 20 प्रतिशत ही हुआ है। जनवरी 2023 में अनुबंध होने के बाद निर्माण एजेंसी ने काम शुरू कर दिया था। इसी बीच केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र खटीक की आपत्ति के कारण लंबे समय तक काम बंद रहा। दोबारा काम शुरू होने के साथ नई डिजाइन भी पास हो गई है। लेकिन भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी न होने के कारण निजी जमीन पर काम नहीं हो पा रहा है। रेलवे अपने हिस्से का काम दिसंबर के अंत तक या जनवरी के दूसरे सप्ताह तक 100 प्रतिशत पूरा कर लेगा, यह बात पीआरओ मधुर वर्मा ने कही। रेलवे के हिस्से में सभी जगहों पर काम चालू है। एक स्थान पर गर्डर लॉन्चिंग के लिए ब्लॉक भी लिया गया है। 25 नंबर आरओबी के लिए जमीन अब तक नहीं मिली है। ईई प्रमोद गोटिया के अनुसार सेना जमीन के बदले जमीन या करीब 2 करोड़ रुपए की मांग कर रही है। बाकी ब्रिजों में 80 प्रतिशत काम हो चुका है, लेकिन रेलवे के हिस्से का निर्माण न होने से काम रुका है। निर्माण एजेंसियों को छह महीने का एक्सटेंशन दिया गया है। इसके बावजूद दो केंद्रीय विभागों के बीच तालमेल की कमी शहरवासियों की परेशानी बढ़ा रही है। बड़े वाहनों का शहर के बीच से गुजरना और लंबा चक्कर लगाना रोजाना की मजबूरी बन गया है। ब्रिजों के पूरा होने से इन समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।

