उज्जैन रेलवे स्टेशन पर पांच दिन में तीसरा बच्चा मिला है। बुधवार को एक महिला अपने बच्चे को प्लेटफॉर्म पर छोड़कर चली गई। वह अपने दो अन्य बच्चों के साथ नर्मदा ट्रेन में सवार हो गई। इससे पहले 14 नवंबर को भी एक महिला छह महीने के बालक और डेढ़ साल की बच्ची को स्टेशन पर छोड़ गई थी। पांच दिन में दो महिलाएं तीन बच्चों को स्टेशन पर छोड़ चुकी हैं। इनमें से 14 नवंबर को मिले दोनों बच्चों की मां का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस और बाल कल्याण समिति बच्चों के माता-पिता और परिजनों की तलाश कर रही हैं। आरपीएफ थाना प्रभारी नरेंद्र यादव के अनुसार, 17 नवंबर की शाम करीब 5:30 बजे एक महिला प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर तीन बच्चों के साथ दिखी थी। कुछ देर बाद वह दो बच्चों को लेकर नर्मदा ट्रेन में सवार हो गई। एक बच्चा प्लेटफॉर्म पर ही छूट गया। पुलिस ने उस बच्चे को सुरक्षित रेस्क्यू कर मातृछाया संस्था पहुंचाया। जीआरपी और आरपीएफ की करीब आठ लोगों की टीम दोनों बच्चों की मां की तलाश में जुटी है। स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में लगे 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा चुके हैं। एक फुटेज में महिला दोनों बच्चों के साथ दिखाई दी थी। इसमें बच्ची प्लेटफॉर्म पर खेलती नजर आ रही है, जबकि बालक महिला के पास था। महिला कहां गई और उसकी पहचान क्या है, यह अब तक पता नहीं चल सका है। जीआरपी प्रभारी सुनील गुप्ता के अनुसार, 17 नवंबर की शाम मिले दोनों बच्चों के माता-पिता की तलाश लगातार जारी है। बाल कल्याण समिति ने बच्चों के परिजनों का पता लगाने के लिए दो महीने का समय दिया है। समिति ने पुलिस से दो महीने बाद तलाश की स्थिति का प्रतिवेदन मांगा है। इस अवधि में माता-पिता या अभिभावक नहीं मिलते, तो नियमानुसार समिति आगे की प्रक्रिया पर निर्णय लेगी। बच्चों को गोद लेने के लिए स्वतंत्र घोषित करने की प्रक्रिया भी कानूनी प्रावधानों के तहत की जा सकती है। मातृछाया के मनीष बैरागी ने बताया कि 13 से 18 नवंबर के बीच संस्था में तीन बच्चे पहुंचे हैं। तीनों को जीआरपी थाने के माध्यम से बाल कल्याण समिति के आदेश पर संस्था में प्रवेश दिलाया गया है। फिलहाल तीनों बच्चे स्वस्थ और सुरक्षित हैं। संस्था में उनकी देखभाल की जा रही है। तीनों बच्चों के माता-पिता और परिजनों का पता लगाने के लिए जीआरपी और आरपीएफ की टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। मातृछाया के बाहर एक पालना भी लगाया गया है। मनीष बैरागी ने बताया कि पालने के पास एक घंटी भी लगाई गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनाथ या लावारिस नवजात शिशु को सड़क, कचरे के ढेर या नाले में न फेंकें। ऐसे बच्चों को नुकसान पहुंचने के साथ ही कुत्तों और अन्य जानवरों से भी खतरा रहता है। यदि किसी को ऐसा नवजात मिलता है, तो उसे पालने में सुरक्षित छोड़ा जा सकता है। पास लगी घंटी बजाकर संस्था को सूचना दी जा सकती है। संस्था बच्चे की सुरक्षित देखभाल करेगी। पुलिस और बाल कल्याण समिति दोनों बच्चों के परिजनों की तलाश में जुटी हैं।
समाचार
उज्जैन रेलवे स्टेशन पर पांच दिन में तीसरा बच्चा मिला, पहले एक महिला छोड़ गई थी दो मासूम
18 नवंबर 2026 को 11:21 pm बजे
