पात्र नए मतदाता 10 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं
भोपाल। मध्य प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे इस विशेष अभियान के तहत पात्र नए मतदाताओं को सूची में नाम जुड़वाने का मौका दिया जा रहा है। यह प्रक्रिया 10 अक्टूबर तक चलेगी, जिसमें मतदाता सूची से हटाए गए नामों के दोबारा जुड़ने की भी जांच की जाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा किया कि एसआईआर के दौरान प्रदेश में करीब 33 लाख मतदाता सूची से हटाए गए थे। उन्होंने इस मुद्दे पर आपत्ति जताते हुए कहा कि ऐसे कई मतदाता थे जो वर्षों से मतदान करते आ रहे थे। पटवारी ने एक ही पते पर बड़ी संख्या में नाम दर्ज होने का मुद्दा भी उठाया था। इस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और मनोज शुक्ला ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से शिकायत भी की थी। बीएलए पुरानी सूची से मिलान कर यह भी सुनिश्चित करेंगे कि मतदाता सूची में किसी अपात्र व्यक्ति का नाम शामिल न हो।

