समाचार
Opening page
Preparing your workspace...
समाचार
दमोह जिले के बासनी गांव में महिलाओं ने अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। गुस्साई महिलाओं ने अपने घरों में छिपाकर रखी शराब की बोतलों को सड़क पर लाकर फोड़ दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यह प्रदर्शन गुरुवार दोपहर हुआ, जब महिलाएं अवैध शराब के कारण होने वाली परेशानियों से तंग आ गईं। गांव के पास देवरान में शराब की दुकान है, जहां से कुछ लोग बासनी में अवैध रूप से शराब लाकर बेचते हैं। इस धंधे से गांव की महिलाएं काफी परेशान थीं, क्योंकि उनके पति शराब पीकर मारपीट करते थे। महिलाओं के इस प्रदर्शन के बाद पुलिस हरकत में आई और खबर मिलने पर सागर नाका और नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में सरपंच पारसमणी चन्दन सिंह की उपस्थिति में एक पंचनामा तैयार किया गया। इस दौरान यह तय किया गया कि गांव में शराब पीकर हंगामा या मारपीट करने पर 5100 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। यह निर्णय गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से लिया गया। चौकी प्रभारी विक्रम दांगी ने बताया कि बासनी गांव में ज्यादातर आदिवासी परिवार रहते हैं। उन्होंने कहा कि गांव की कुछ लोग अवैध शराब का विक्रय करते हैं, जिससे यहां की महिलाएं काफी परेशान हैं। महिलाओं का कहना था कि गांव में शराब बिकने से उनके पतियों का व्यवहार बिगड़ जाता है और वे मारपीट करते हैं, इसलिए शराब की बिक्री पूरी तरह बंद होनी चाहिए। यह उनकी मुख्य मांग थी, जिसके कारण उन्होंने यह कदम उठाया। अब गांव में लगातार गश्त की जाएगी और जो भी व्यक्ति अवैध रूप से शराब का विक्रय करता पाया जाएगा, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह भी तय हुआ है कि अवैध रूप से शराब बेचने वालों पर 11000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया