साढ़े चार हजार संविदा कर्मचारियों की नियमितीकरण प्रक्रिया अब तक शुरू नहीं हुई
नियमितीकरण के आदेश से मुकरा ऊर्जा विभाग भोपाल में संविदा बिजली कर्मचारियों के भविष्य पर सवाल खड़े हुए हैं। मध्य प्रदेश में ऊर्जा विभाग ने साढ़े चार हजार से अधिक संविदा बिजली कर्मचारियों को नियमित पदों पर नियुक्ति देने का आदेश जारी किया था। कर्मचारियों को उम्मीद थी कि वर्षों की संविदा नौकरी के बाद उन्हें नियमित होने का अवसर मिलेगा। लेकिन तीन महीने बीतने के बाद न विभागीय परीक्षा हुई, न उसका परिणाम जारी हुआ। सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी पर विभाग ने कहा कि योजना की जानकारी उसके रिकॉर्ड में उपलब्ध नहीं है। विभाग के इस जवाब ने हजारों संविदा कर्मचारियों के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऊर्जा विभाग ने 24 जुलाई 2026 को पत्र जारी कर बिजली कंपनियों के प्रबंध संचालकों को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पत्र में प्रस्ताव को संशोधनों के साथ लागू करने की बात कही गई थी। यूनाइटेड फोरम फॉर पॉवर एम्प्लाइज एंड इंजीनियर्स के अध्यक्ष आरएस कुशवाह ने सरकार से लंबित प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है।

